Amritsar: जगदीश टाइटलर की फोटो लगी टी-शर्ट पहन युवक ने स्वर्ण मंदिर में खिंचवाई फोटो, एसजीपीसी ने जताई आपत्ति
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अतिरिक्त सचिव प्रताप सिंह ने प्रशासन से अपील की कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खुद को कांग्रेस के एससी सेल का प्रभारी बताने वाले एक व्यक्ति करनजीत सिंह के कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर की फोटो लगी टी-शर्ट पहनकर श्री हरमंदिर साहिब में फोटो खिंचवाने का मामला सामने आया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अतिरिक्त सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि करनजीत सिंह कांग्रेस के एससी सेल के प्रभारी होने का दावा करता है। उसने श्री हरमंदिर साहिब का दौरा किया। इस दौरान उसने एक शर्ट पहनी हुई थी लेकिन बाद में एक टी-शर्ट बदल ली जिसमें जगदीश टाइटलर की तस्वीर थी। उसने अपनी फोटो भी क्लिक कराई।
प्रताप सिंह ने कहा कि टाइटलर ने 1984 के दंगों को अंजाम दिया था। युवक ने श्री हरमंदिर साहिब में टाइटलर की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनी है जिससे सिख भावनाएं आहत हुई हैं। हम प्रशासन से अपील करते हैं कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए नहीं तो हम कानून अपने हाथ में लेने के लिए मजबूर होंगे। मैं प्रशासन और कांग्रेस से कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भी श्री हरमंदिर साहिब में जगदीश टाइटलर की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनने और उसकी तस्वीरें लेने और इसे वायरल करने की कड़ी निंदा की है। धामी ने कहा कि इस कृत्य को करने वाले के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
एडवोकेट धामी ने कहा कि जगदीश टाइटलर दिल्ली सिख नरसंहार का मुख्य आरोपी है। जिसे सिख समुदाय कभी माफ नहीं कर सकता। ऐसे व्यक्ति की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनना और सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में आना एक ऐसा कृत्य है जो सिखों को परेशान करता है। उन्होंने कहा एसजीपीसी के पास पहुंची जानकारी के अनुसार जिस व्यक्ति ने यह किया, वह अमृतसर निवासी करमजीत सिंह गिल है और कांग्रेस का प्रतिनिधि है। इससे यह स्पष्ट है कि उसने यह कार्रवाई सोची समझी साजिश के तहत की है। शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही सिख विरोधी रही है और आज कांग्रेस नेता ने श्री हरमंदिर साहिब में सिख नरसंहार के आरोपी जगदीश टाइटलर की तस्वीर प्रदर्शित कर सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
धामी ने कहा कि हरमंदिर साहिब सिखों का प्रमुख धार्मिक स्थल है और पूरी दुनिया के लोगों के लिए आस्था का केंद्र भी है। यहां हर कोई मानसिक शांति और आध्यात्मिक शक्ति पाने के लिए नतमस्तक होता है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थान पर सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, जिसके संबंध में शिरोमणि कमेटी कार्रवाई करेगी।
एसजीपीसी के उप सचिव कुलविंदर सिंह रामदास ने बताया कि शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के आदेश पर श्री हरमंदिर साहिब में सिखों को भड़काने वाले के खिलाफ पुलिस पास केस दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग के अनुसार यह व्यक्ति अटा मंडी एरिया की ओर से परिसर में दाखिल हुआ और फोटो खींच कर बिना झुके वापस चला गया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि यह व्यक्ति जानबूझकर कुछ शरारत करने ही आया था।