‘मन की बात’ से पंजाब के दर्द पर मोदी का मरहम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पंजाब के दर्द को बयां किया। उन्होंने युवाओं में बढ़ रहे नशे पर बात की। पीएम ने कहा कि नशा परिवार, समाज और देश को तबाह कर रहा है।
युवाओं में नशे की लत आतंकियों को मदद पहुंचा रही है क्योंकि नशे के कारोबार से आने वाले पैसे से आतंकी हथियार खरीदते हैं और उन्हीं हथियारों से वे देश की रक्षा में जुटे हमारे जवानों पर हमला करते हैं। पीएम ने युवा पीढ़ी में नशे की बढ़ती लत के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाने की वकालत की।
कार्यक्रम में पीएम ने बच्चों को नशे से बचाने के लिए ध्येयवादी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब जीवन में खालीपन होता है तो वहां ड्रग्स जगह बना लेता है। हमें नशे की लत का मनोवैज्ञानिक, सामाजिक और चिकित्सा तीनों रूपों में उपचार करना होगा। इसके लिए नशे के आदी व्यक्ति, उसके परिवार, दोस्तों, समाज, सरकार और कानून सबको मिलकर काम करना पड़ेगा।
नशा मुक्ति के लिए हेल्पलाइन जल्द
प्रधानमंत्री ने जल्द ही नशा मुक्ति के लिए हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामाजिक हस्तियों, खिलाड़ियों और धार्मिक नेताओं से आगे आने की अपील भी की।
कार्यक्रम में पीएम ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने, नेत्रहीन खिलाड़ियों के क्रिकेट विश्वकप विजय और संयुक्त राष्ट्र की ओर से 21 जून को विश्व योग दिवस मानाने के ऐलान पर खुशी जताई।
नशे के कारण शहीद हो रहे जवान
कार्यक्रम में पीएम ने कहा कि क्या नशा करने वालों ने कभी सोचा है कि वे अपनी लत के लिए जो पैसा खर्च करते हैं, वह हमारे जवानों की जान लेता है।
नशे के कारोबार का पैसा आतंकियों तक पहुंचता है। वे इससे हथियार खरीद कर निर्दोष नागरिकों और जवानों की हत्या करते हैं। पीएम ने कहा कि नशा विनाश के मोड़ पर लाकर खड़ा कर देता है और इससे आगे सिर्फ बर्बादी का मंजर होता है।
थ्री डी बुराई है नशा
-डार्कनेस (अंधेरा)
-डिस्ट्रक्शन (बर्बादी)
-डिवास्टेशन (तबाही)