पंजाब में भीषण हादसा: ट्रक और तेल कैंटर के बीच पिसी कार, एक बच्चे समेत छह की मौके पर मौत
सुनाम के पास कार को ट्रक समेत दो वाहनों ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दीपक जिंदल, नीरज सिंगला और उनके बेटे, लक्की कुमार, विजय कुमार और दवेश जिंदल की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करवाचौथ की रात पांच परिवारों के लिए कहर की रात साबित हुई। सुनाम-पटियाला मुख्य मार्ग पर गांव महलां चौक में रात रात 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में पांच महिलाओं का सुहाग उजड़ गया। हादसे में पांच दोस्तों और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक और तेल के कैंटर की आमने-सामने की टक्कर में मारुति 800 कार बुरी तरह पिस गई। सभी कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक सुनाम के रहने वाले थे।
पांचों दोस्त करवाचौथ का व्रत खुलवाकर मालेरकोटला में बाबा हैदर शेख जी की दरगाह पर माथा टेकने के बाद सुनाम लौट रहे थे। मृतकों में सुनाम निवासी ललित लक्की (45), दीपक जिंदल (30), विजय कुमार (50), दिवेश जिंदल (33), नीरज सिंगला (37) और नीरज का चार साल का बेटा माधव सिंगला शामिल हैं। मृतक ललित के दोस्त दीपक गर्ग ने बताया कि ललित और उनके दोस्तों ने बुधवार को करवाचौथ मनाया था।
कार काटकर निकाले शव
हादसे में कार बुरी तरह से दब गई। इसमें सवार व्यक्ति अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद शवों को कार के हिस्सों को काटकर निकाला गया। एसएचओ छाजली प्रतीक जिंदल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वहीं, पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा, भाजपा नेत्री दामन थिंद बाजवा ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह भी पढ़ें: Punjab News: मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया हरजिंदर सिंह उर्फ मेला का हत्यारोपी, बठिंडा में पकड़ा गया एक साथी
पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार देख हर आंख नम
हादसे का शिकार हुए पांच मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जबकि मृतक देवेश जिंदल के भाई का विदेश से लौटने पर संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार के समय उस वक्त हर आंख नम हो गई जब नीरज सिंगला और उसके चार वर्षीय बेटे माधव को एक ही चिता में अग्नि दी गई।
होनी इतनी बलवान है कि गुरुवार रात को नीरज का बेटा माधव सो रहा था। माथा टिकाने के लिए नीरज ने बेटे को जगाया और अपने साथ ले गया। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा समेत कई दिग्गज नेता विनोद गुप्ता, निशान सिंह टोनी, दामन थिंद बाजवा, गुरप्रीत सिंह लख्मीरवाला, मनी बडैच, मनी सराओ, ईश्वर गर्ग अंतिम संस्कार में पहुंचे।
गम में डूबा सुनाम
हादसे की सूचना मिलते ही सुनाम में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजन बदहवास हादसा स्थल की तरफ दौड़ पड़े। वहीं घरों पर लोगों का तांता लग गया। सभी शोक पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।
मृतक ललित के दोस्त दीपक गर्ग ने कहा कि ललित और उनके दोस्तों ने बुधवार को करवाचौथ मनाया था। सूचना मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा मृतक परिवारों के घर गए और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
एसएचओ छाजली प्रतीक जिंदल ने कहा कि जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।