रोहतकः एमडीयू को मिला नियमित कुलपति, राज्यपाल ने प्रो. राजबीर सिंह को दी जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एमडीयू को आखिर एक साल बाद नियमित कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति सत्यदेव नारायण आर्य ने एमडीयू एक्ट के सेक्शन 9-ए के प्रावधानों के तहत पंडित लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह को एमडीयू का नियमित कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन साल का रहेगा। उल्लेखनीय है कि प्रो. राजबीर सिंह के पास 7 जनवरी 2019 से कार्यवाहक कुलपति के रूप में एमडीयू का प्रभार था।
बता दें कि डॉ. राजबीर सिंह वर्ष 2007 से इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलोजी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में बतौर प्रोफेसर कार्यरत थे। वर्ष 2010 से 2017 तक शैक्षणिक संचार कौशल (कंर्सोटियम ऑफ एजुकेशनल कम्युनिकेशन) नई दिल्ली के निदेशक पद पर कार्यरत रहे। इससे पूर्व हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक मामलों में बतौर उपनिदेशक (2000-2007) तक पदस्थ रहे। विकास संचार और डिजिटल एजुकेशन क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता है।
उन्होंने डेवलपमेंट काउंसिल मास मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी शीर्षक पुस्तक प्रकाशित की है। इन्हें नौ जुलाई 2017 को डिजिटल इनीशियटिव्स फॉर हॉयर एजुकेशन राष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रपति ने उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर, जनसंचार में स्नातकोत्तर, एलएलबी, बीएससी-नॉन मेडिकल व पीएचडी करने वाले प्रो. राजबीर सिंह यूजीसी की बारह से अधिक शैक्षणिक परामर्शदायी समितियों के सदस्य रहे हैं। बीस से अधिक यूजीसी एक्सपर्ट समिति के वे सदस्य एवं अध्यक्ष रहे हैं।
एमडीयू को मिली ए प्लस ग्रेडिंग
एमडीयू के कार्यवाहक कुलपति के रूप में कार्यभार संभाल रहे प्रो. राजबीर सिंह के कार्यकाल में ही विवि को नैक से ए प्लस ग्रेडिंग प्राप्त हुई। विश्वविद्यालय में इस एक वर्ष के दौरान विभिन्न नवोन्मेषी शैक्षणिक एवं शोध हुए।
विवि के कामों को मिलेगी रफ्तार
एमडीयू में नियमित कुलपति नहीं होने के चलते काम रफ्तार नहीं पकड़ रहे थे। विवि कर्मचारी ही नहीं, छात्र संगठन भी कैंपस में नियमित कुलपति का मुद्दा उठाते आ रहे थे। विद्यार्थी कुलपति के नहीं होने से काम प्रभावित होने का आरोप भी लगा रहे थे। अब कुलपति के पास सभी के लिए पर्याप्त समय होगा।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति और मुख्यमंत्री का इस जिम्मेदारी के लिए विशेष आभारी हूं। एमडीयू को शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जाएगा। विश्वविद्यालय समुदाय के सभी वर्गों को साथ लेकर एमडीयू को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। प्रो. राजबीर सिंह, कुलपति, एमडीयू।