गीता की धरती से 'कृष्ण' का संदेश देंगे पीएम मोदी, श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की रखेंगे आधारशिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र से स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के 4 बड़े प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ करेंगे। इनमें 3 स्वास्थ्य संस्थानों की आधारशिला व एक कैंसर संस्थान का उद्घाटन शामिल है। विज ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी कुरुक्षेत्र की धरती से विश्व की अपनी तरह के पहले श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।
इसी प्रकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, करनाल व पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अलावा झज्जर के बाढ़सा गांव में बनाए गए राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का उदघाटन किया जाएगा। झज्जर जिले के बाढ़सा में बनकर तैयार हुए राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का निर्माण करीब 2035 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है, जिसमें 710 बिस्तरों की सुविधा है।
इसके अलावा करनाल के कुटेल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। इसमें ट्रामा सेंटर से युक्त सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ स्नातकोतर एवं पोस्ट डॉक्टरल पाठ्यक्रम की सुविधा होगी। इस विश्वविद्यालय का निर्माण 144 एकड़ से अधिक भूमि पर किया जाएगा, जिस पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला भी प्रधानमंत्री द्वारा रखी जाएगी। यह विश्वविद्यालय दुनिया में अपनी तरह का पहला विश्वविद्यालय होगा, जिसमें आयुर्वेद, योग, युनानी, सिद्धा तथा होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों की शिक्षा एवं उपचार की सुविधा होगी। इसका निमार्ण करीब 94.5 एकड़ भूमि पर किया जाएगा, जिस पर करीब 475 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान भी बनाया जाएगा। इसका निर्माण केंद्र सरकार के सहयोग से 19.87 एकड़ भूमि पर होगा। इसके निर्माण पर करीब 270.50 करोड़ रुपये खर्च आने की उम्मीद है। इसमें 250 बिस्तरों की आईपीडी व करीब 500 विद्यार्थियों के स्नातक, स्नातकोतर तथा पीएचडी तक की शिक्षा की सुविधा होगी।