राजनाथ सिंह बोले- हम वोट देश बनाने के लिए मांगते हैं, सरकार बनाने के लिए नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा मोदी सरकार की नीतियों के कारण ही आज देश में कहीं भी महंगाई नहीं है। हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में महंगाई आसमान छू रही है।
मोदी सरकार की यह भी कुशलता है कि पाकिस्तान से महंगाई हमने वाघा बॉर्डर से देश में घुसने नहीं दी। केंद्रीय गृह मंत्री दातारपुर में भाजपा प्रत्याशी सोम प्रकाश के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ ने कहा कि देश को मजबूत बनाने की हमारी कुशल नीतियों का ही नतीजा है कि वर्ष 2004 के बाद 2019 के चुनावों में महंगाई अब मुद्दा नहीं रहा है।
इन दो चुनावों के अलावा देश आजादी के समय से आज तक चुनावों में महंगाई एक अहम मुद्दा बना रहता था। उन्होंने कहा कि हम सत्ता के लिए सियासत नहीं करते, सियासत हमारे लिए सेवा का एक माध्यम है। हम देश बनाने में लगे हुए हैं।
हम वोट देश बनाने के लिए ही मांगते हैं , सरकार बनाने के लिए नहीं ।
केंद्रीय गृहमंत्री का कहना था कि इंदिरा गांधी ने अपने शासन के वक्त पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में उस देश के दो टुकड़े कर दिए थे तो उस वक्त संसद में विरोधी दल के नेता होने पर भी अटल बिहारी वाजपेई ने प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को दुर्गा कहकर उन्हें सम्मान दिया था।
भारतीय सेना ने जब पाकिस्तान पर हमला करके उस देश के दो टुकड़े कर दिए थे तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की देश जय जयकार कर सकता है तो आज यदि पाकिस्तान की भूमि बालाकोट में भारतीय सेना आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है तो देश मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जय जयकार क्यों नहीं कर सकता ?
बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के हमले के बाद विरोधी दलों के नेता अभी भी यह पूछने से बाज नहीं आ रहे कि कितने आतंकवादी मारे गए ? राजनाथ ने कहा देश का गृह मंत्री होने के नाते मैं यह जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि बालाकोट में आतंक पर भारतीय वायु सेना का हमला खुफिया एजेंसियों की पुख्ता जानकारियों के आधार ही हुआ था और यह पूरी तरह कामयाब रहा। राजनाथ ने मोदी सरकार की ओर से किसानों, व्यापारियों, छोटे दुकानदारों के कल्याण में किए गए कार्यों का जिक्र भी किया।