फतेहाबाद में गरजे पीएम मोदी, कहा-हरियाणा की माताएं वीरांगना, वीरों को देती हैं जन्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रियंका गांधी के हमले के एक दिन बाद ही बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने पलटवार किया है। प्रियंका के पति राबर्ट वाड्रा का नाम लिए बिना नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो खुद को शहंशाह समझते थे, अब ईडी के चक्कर काटते-काटते उनके जूते घिस गए हैं। जनता ने 2014 में मजबूत सरकार के लिए वोट दिया था और मैं भ्रष्टाचार में लिप्त नामदारों को जेल के दरवाजे तक ले आया हूं।
अगर जनता ने फिर आशीर्वाद दिया तो हरियाणा में किसानों की जमीन हड़पने वालों को जेल के अंदर भिजवा दूंगा। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार देश को जिताने के लिए दिनरात सेवा में जुटा है। फतेहाबाद में आयोजित बीजेपी की हिसार-सिरसा संसदीय विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब तक चुनाव के पांच चरण हो चुके हैं।
अब स्थिति साफ हो चुकी है कि 23 मई की शाम तक फिर मोदी सरकार होगी। कांग्रेस और उनके महामिलावटी साथियों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। दिल्ली में खिचड़ी सरकार बनाने के उनके मंसूबे ध्वस्त हो चुके हैं। हमने जो काम पांच साल में किए, कांग्रेस वह पांच बार सरकार चलाकर भी नहीं कर पाई।
कांग्रेस ने हमेशा वन रैंक-वन पेंशन के नाम पर किया धोखा
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सैनिकों के साथ वन रैंक-वन पेंशन के नाम पर धोखा किया। 2014 के चुनावों से पहले पेश किए अंतरिम बजट में पूर्व सैनिकों के लिए 5 सौ करोड़ का बजट रखकर ढोल पीट दिए कि पूर्व सैनिकों की मांग पूरी कर दी। बीजेपी सरकार ने सत्ता में आते ही वन रैंक-वन पेंशन के सपने को साकार किया और अब तक 35 हजार करोड़ रुपये की राशि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के खाते में पहुंच चुकी है।
नेशनल वार मेमोरियल और पुलिस मेमोरियल का मामला 70 साल तक कांग्रेस ने लटका कर रखा। बीजेपी सरकार ने सत्ता में आते ही आजाद भारत के शहीदों को सम्मान देते हुए दोनों मेमोरियल का निर्माण पूरा करवाया।
अब भारतीय सेना से घबराते हैं आतंकी
नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 से पहले पाकिस्तान हमारे सैनिकों के साथ बर्बरता करता था तो कांग्रेस की कमजोर सरकार सिर्फ बयान जारी कर देती थी, लेकिन अब जनता की मजबूत सरकार ने सैनिकों की भुजाओं में इतना जोश भर दिया है कि वे पाकिस्तान के अंदर स्थित आतंकी कैंपों में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देते हैं।
हमने पहली सर्जिकल स्ट्राइक जमीन से की और दूसरी एयर स्ट्राइक की। इसके बाद अब आतंकी भारतीय सेना से घबराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मसूद अब ग्लोबल आतंकी घोषित हो चुका है और अब पाकिस्तान को उस पर कार्रवाई करनी ही होगी।
बीस साल बाद फतेहाबाद की धरती पर
करीब बीस साल बाद फतेहाबाद की धरती पर पहुंचे नरेंद्र मोदी अपने पूरे भाषण में कांग्रेस पर हमलावर रहे। अपने 37 मिनट के संबोधन में मोदी ने अपना भाषण सैनिकों, किसानों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर केंद्रित रखा तो बीच-बीच में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के भ्रष्टाचार पर हमला बोला। मंच पर आते ही मोदी ने हरियाणवी में कहा कि ‘अड़े आए सारे भाई अर बहनां नै मेरी राम-राम’।
यही नहीं, सत श्री अकाल कहकर उन्होंने सिख समुदाय को भी साधने का प्रयास किया। मोदी ने अपने संबोधन में पिछले दिनों जजपा नेता दुष्यंत चौटाला द्वारा सर छोटूराम के अपमान का मुद्दा उठाते हुए वोट की चोट से इस अपमान का बदला लेने की बात कही तो 1984 के सिख कत्लेआम को लेकर कांग्रेस को कोसा और 34 साल बाद न्याय दिलाने के लिए अपनी सरकार की तारीफ की। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, सिरसा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल, हिसार प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह आदि ने भी रैली को संबोधित किया।
हरियाणा की माताएं वीरांगना, देती हैं वीरों को जन्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा की माताएं वीरांगनाएं हैं, जो वीर सपूतों को जन्म देती हैं। हरियाणा का एक-एक वीर सीमाओं पर दुश्मनों से लोहा लेता है। मुझे हरियाणा की माताओं और वीर जवानों पर गर्व है। हरियाणा पुलिस के जवानों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि आज सिनेमाघर से लेकर आम व्यक्ति तक पुलिस की छवि बिगाड़ने में लगे हुए हैं।
हर व्यक्ति पुलिस से भिड़ने के लिए तैयार बैठा है, लेकिन हम यह नहीं देखते की रक्षाबंधन हो या दिवाली यह पुलिस के जवान 24 घंटे ड्यूटी के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद केवल पुलिस महकमे के ही 35 हजार नौजवान शहीद हो चुके हैं। फौजियों के साथ हरियाणा पुलिस का जवान देश के प्रति ड्यूटी दे रहा है।
हमें उनकी कर्तव्यनिष्ठा को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कर्नाटक के सीएम का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत के नौजवान भूखे मर रहे हैं और पेट भरने के लिए फौज में भर्ती हो रहा है। मोदी ने कहा कि ऐसे मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने करतारपुर जाने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए कॉरिडोर बनाने की योजना बनाई, जिसे भाजपा सरकार आने वाले समय में पूरा करेगी।