खबर का असरः 20 साल की युवती को बना दिया 118 साल की बुजुर्ग, बीएलओ को नोटिस
चंडीगढ़ में वोटर कार्ड बनाने में की गई घोर लापरवाही के खुलासे के बाद बुधवार को निर्वाचन कार्यालय में हड़कंप मच गया। यूटी सचिवालय में मुख्य चुनाव अफसर एके सिन्हा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई।
इसमें मलोया कालोनी, सेक्टर-38 और सेक्टर-26 में लगे बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने को कहा गया। निर्वाचन कार्यालय की ओर से चुनाव जैसे राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले इन कर्मियों से एक सप्ताह में अपना जवाब देने को कहा गया है।
नोटिस में साफ तौर पर कहा गया कि लापरवाही उजागर होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी ने शहर में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
बता दें कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी सूची में 100 या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 60 बताई गई थी। इसके बाद जब बीते मंगलवार को अमर उजाला ने इस बात की पड़ताल की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी मतदाता पहचान पत्रों में भारी गड़बड़ी सामने आई। मलोया कालोनी में रहने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता जमुना के मतदान पहचान पत्र में उनकी उम्र 118 वर्ष अंकित है।
निर्वाचन कार्यालय ने उन्हें 118 वर्षीय बुजुर्ग महिला बना दिया है। यह अपने आप में अकेला मामला नहीं, पड़ताल में कई और मतदाताओं की उम्र में खेल कर उन्हें 100 वर्ष से ऊपर का दिखा दिया गया है।
इतना ही नहीं कई मतदाताओं के नाम व पते तक गलत मिले। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद से निर्वाचन कार्यालय हरकत में आ गया।
लोकसभा चुनाव के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार सुबह यूटी के मुख्य चुनाव अफसर एके सिन्हा ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में प्रमुख रूप से अतिरिक्त मुख्य चुनाव अफसर मनदीप सिंह बराड़ के साथ संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुन शर्मा के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मीटिंग में वोटर कार्डों में मिली अनियमितताओं को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई।
बैठक में आशंका जताई गई कि शहर में 100 साल या इससे अधिक आयु के लोगों की सूची में गड़बड़ी है। इसे देखते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी के द्वारा निर्वाचन कार्यालय को निर्देश दिया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराया जाए।
इसके साथ ही सेक्टर-26, सेक्टर-38 और मलोया कालोनी में कार्यरत बीएलओ को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा गया है।
इस संदर्भ में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीनों बीएलओ को नोटिस जारी कर दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर जवाब मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने माना कि वोटर कार्ड में हुई कमियां गंभीर हैं। लापरवाही मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।