स्वच्छ शक्ति 2019: पीएम मोदी ने देश को समर्पित किया नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट, 6 बड़ी सौगातें भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गीता की धरती धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में रैली कर रहे हैं। पल-पल के लाइव अपडेट जानने के लिए यहां क्लिक करें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र की धरती से आगामी लोकसभा चुनाव रूपी महाभारत का शिलान्यास, शुभारंभ और एलान कर गए। स्वच्छ शक्ति कार्यक्रम के दौरान रिमोट से हरियाणा को 4184 करोड़ रुपये की छह सौगात देकर दोबारा से मजबूत सरकार बनाने का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि साल 2014 में रेवाड़ी की धरती से चुनावी आगाज करके पीएम बने और सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा किया।
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि केंद्र में मजबूत सरकार बनी। आप लोग एक बार फिर अपने वोट का सही उपयोग करें और मजबूत सरकार बनाएं। अपने संबोधन में पीएम ने बिना नाम लिए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और महागठबंधन को महामिलावट बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट कंट्रोल से कुरुक्षेत्र में करीब 475 करोड़ रुपये से बनने वाले विश्व के पहले श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।
हरियाणा प्रदेश को यह सौगातें देंगे पीएम
इसके अलावा मेडिकल विश्वविद्यालय कुटेल करनाल (750 करोड़) और वॉर मेमोरियल पानीपत (44 करोड़) और आयुष पीजी कालेज पंचकूला (270 करोड़ 50) का शिलान्यास किया। वहीं राष्ट्रीय कैंसर अस्पताल झज्जर (दो हजार 23 करोड़) और ईएसआईसी मेडिकल कालेज एवं 500 बिस्तरों का अस्पताल फरीदाबाद (595 करोड़) का शुभारंभ किया। इसके अलावा रेवाड़ी के मनेठी में एम्स बनाने का एलान किया।
चुनावी महाभारत से पहले इन योजनाओं का पीएम के हाथों शिलान्यास, शुभारंभ और एलान के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। खास बात यह भी रही कि स्वच्छता के साथ विकास की बयार बहाते हुए प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में एक भी विपक्षी दल के नेता का नाम नहीं लिया। हालांकि, पीएम ने इशारों में कांग्रेस अध्यक्ष को जरूर घेरा और टिप्पणी की कि सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले भारत का इतिहास 1947 से ही मानते हैं।
युद्ध भूमि से मानवता का संदेश...
भाषण की शुरुआत में पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र की धरती को नमन किया और कहा कि इस धरती को ज्ञान, धर्म और कर्म की भूमि कहा जाता है। इसे सभ्यता का पालना भी कहा जाता है। इसी भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने युद्ध के दौरान जीवन का मार्ग व न्याय का रास्ता दिखाया था। संभवत: विश्व में यह अनूठा उदाहरण है, जहां युद्ध भूमि से मानवता का संदेश दिया गया हो..
मनोहर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण...
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पीएम मोदी के सामने पेश किया। पीएम ने भी सीएम को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करार दिया। मोदी ने अपने भाषण में चार बार मनोहर लाल का नाम लेकर उनकी प्रशंसा की। वहीं, मंच पर जब मुख्यमंत्री अपना भाषण पढ़ रहे तो पीएम ने करीब 12 बार दोनों हाथों से तालियां बजाकर मुख्यमंत्री का उत्साह बढ़ाया।
पांच साल पहले हरियाणा से मिला आशीर्वाद पीएम बने, अब फिर चाहिए...
पीएम ने कहा कि जब साल 2014 में मुझे पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया गया, उस समय हरियाणा की धरती रेवाड़ी से देश का आशीर्वाद मिलने की शुरुआत हुई थी। अब इसी धरती से माताओं का आशीर्वाद ले रहा हूं, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने विजय पथ तय किया था। पूर्व सैनिकों से किए वन रैंक वन पेंशन के वायदे को पीएम बनकर पूरा किया। ऐसा तभी संभव हुआ जब देश में मजबूत सरकार बनीं। उन्होंने फिर मजबूत सरकार के लिए आशीर्वाद मांगा।
महिलाओं के जीवन को आसान बनाने में जुटे हैं
हरियाणा की महिला शक्ति का जिक्र करते हुए मोदी ने कल्पना चावला को याद किया। साथ ही महिला खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने मातृत्व सुरक्षा योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला थाना, शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का जिक्र कर कहा कि वे महिलाओं के जीवन को आसान बनाने में जुटे हैं।
ताकि जान सकें हरियाणा का खानपान...
राष्ट्रीय स्वच्छ शक्ति सम्मेलन से आईं स्वच्छता गृहियों को हरियाणा के बाजरे के अलावा बासमती चावल और पेन ड्राइव उपहार में दिया गया। इसके अलावा मेहमानों को पानीपत की बेडशीट, कैप और जैकेट भी दिए गए। ऐसा लोगों को हरियाणवी खान-पान व परिधान से परिचित कराने के लिए किया गया।
12 प्रदेशों के स्वच्छता प्रेरक सम्मानित
देश के 12 राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, मेघालय तथा केंद्र शासित प्रदेश दमन एवं दीव की स्वच्छता प्रेरकों को सम्मानित किया।
4184 करोड़ की छह सौगात
1-देश के पहले आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र (475 करोड़)
2-मेडिकल विश्वविद्यालय कुटेल (750 करोड़)
3-वॉर मेमोरियल पानीपत (44 करोड़)
4-राष्ट्रीय कैंसर अस्पताल झज्जर (दो हजार 23 करोड़)
5-आयुष पीजी कालेज पंचकूला (270 करोड़ 50)
6-ईएसआईसी मेडिकल कालेज एंव 500 बिस्तरों का अस्पताल (595 करोड़)
7- रेवाड़ी के मनेठी में एम्स के निर्माण का एलान