सीएम मनोहर लाल को हुड्डा की खुली चुनौती, मेरे सामने जहां से चुनाव लड़ना चाहें लड़ लें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार का हाजमा बड़ा मजबूत है, पूरे अरावली को ही हजम कर गई।
पीएलपीए में संशोधन 15 हजार करोड़ रुपये का घोटाला है। इसमें ऊपर से लेकर नीचे तक बड़ी मछलियां संलिप्त हैं। प्रदेश में अवैध खनन सरकार की शह पर जोरों से चल रहा है। अनेक जगह तो इसके चलते यमुना का बहाव ही बदल गया।
सुप्रीम कोर्ट ने अरावली और अवैध खनन के मामले में कड़ा रुख अपनाया हुआ है। बावजूद इसके सरकार ढुलमुल रवैया अपना रही है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में सरकारी नौकरियां देने में बड़ा घोटाला हुआ है।
सोनीपत में सरकारी नौकरी के नाम पर करोड़ों रुपये डकार लिए गए। एमपीएचडब्ल्यू की भर्ती में 106 ऐसे उम्मीदवारों का चयन हो गया, जो शार्टलिस्ट ही नहीं किए गए थे।
सीधा इंटरव्यू ही लेकर भर्ती कर दिए गए। आरटीआई के तहत जब इसकी जानकारी मांगी गई तो देने से मना कर दिया गया। पुलिस भर्ती में भी बड़ी गड़बड़ी हुई है।
किलोमीटर स्कीम में बड़ा घोटाला परिवहन विभाग में हुआ है। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार की चार्जशीट तैयार कर ली है। प्रदेश का हर व्यक्ति भी सरकार की चार्जशीट बनाकर बैठा हुआ है।
विधानसभा चुनाव से पहले चार्जशीट सार्वजनिक होगी। बिना भ्रष्टाचार के हरियाणा में भाजपा के दस-दस करोड़ के दफ्तर कैसे बन गए। हुड्डा ने कहा, प्रदेश सरकार से किसान नाराज हैं। उन्हें सरसों का एमएसपी नहीं मिल रहा।
परिवर्तन बस यात्रा के दौरान अनेक किसानों ने इसकी शिकायत की है। हुड्डा के अनुसार ये सरकार नेमचेंजर साबित हुई है, जबकि कांग्रेस की न्याय योजना भविष्य में गेमचेंजर साबित होगी। कांग्रेस का संकल्प पत्र खुशहाल जीवन का आधार बनेगा।
हुड्डा ने ये भी कहा
. लोकसभा चुनाव में 2009 का इतिहास दोहराएंगे, कांग्रेस ने दस में से नौ सीटें जीती थीं। इस बार सभी दस सीटें जीतने पर फोकस है।
. सोनीपत-फरीदाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं। पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं, जहां से चुनाव लड़ने के आदेश होंगे लड़ूंगा।
. कांग्रेस धरातल पर मजबूत, चुनाव में जीत दर्ज करना लक्ष्य प्रदेशाध्यक्ष का पद नहीं।
. पार्टी के लिए विधायकों-पूर्व विधायकों के चंदा न देने के कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी के बयान पर बोले, कौन है कोषाध्यक्ष, पता नहीं।
. चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी सहित अन्य समितियों का होगा गठन।
. दीपेंद्र हुड्डा की संपत्ति की जांच को लेकर सीएम पर ली चुटकी, कहां जिसकी शादी हुई होगी उसकी पत्नी की संपत्ति ही जुड़ेगी, जिसकी शादी ही नहीं हुई उसकी पत्नी की संपत्ति कहां जुड़ेगी।
. सीएम मेरे सामने जहां से भी लोकसभा चुनाव लड़ना चाहें, लड़ सकते हैं, उनका स्वागत है। वह मेरे भाई हैं।