हरियाणा में अभी लॉकडाउन नहीं : खांसी-जुकाम से पीड़ितों और कुंभ से आने वालों की होगी जांच, सरकारी अस्पतालों में सर्जरी बंद
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अभी हरियाणा में लॉकडाउन का कोई विचार नहीं है। प्रदेश में दवाई और ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुंभ से लौटने वाले लोगों की कोरोना जांच होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सख्ती और सतर्कता बढ़ा दी है। सभी सरकारी अस्पतालों में सर्जरी बंद कर दी गई है। खांसी, जुकाम, गला दर्द और बुखार वाले मरीजों की कोरोना जांच होगी। कुंभ से लौटने वालों की भी हरियाणा में प्रवेश करते ही कोरोना जांच होगी। मेलों पर अगले आदेश तक पाबंदी रहेगी। क्रिटिकल कोरोना केयर सेंटर बनाए जाएंगे। ऑक्सीजन प्लांट पुलिस और औषध नियंत्रक प्रशासन की निगरानी में रहेंगे।
यह फैसले सोमवार को 17 सदस्यीय राज्य स्तरीय निगरानी समिति की चंडीगढ़ में हुई पहली बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने की। विज ने कहा कि अभी लॉकडाउन की जरूरत नहीं है, सख्ती और सतर्कता से कोरोना को हराया जा सकता है। बैठक में हरियाणा बॉर्डर पर धरनों पर बैठे किसानों की कोरोना जांच व टीकाकरण पर भी विचार किया गया। इसके लिए पहले किसान नेताओं से बातचीत की जाएगी। शहरी स्थानीय निकाय विभाग को सभी शहरों और पंचायत विभाग को सभी गांवों को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में पाबंदी : रात्रि कर्फ्यू का समय एक घंटा बढ़ा, विवाह हो या अंतिम संस्कार सिर्फ 20 लोग होंगे शामिल
घर-घर जाकर होगी जांच
विज ने कहा कि कोरोना के गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में क्रिटिकल कोरोना केयर सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग होम आइसोलेशन की किट तैयार करवा रहा है। इस किट में दवाइयां, पल्स ऑक्सीमीटर, कोरोना से बचाव संबंधी साहित्य व अन्य आवश्यक साम्रगी होगी। इन आयुष किट की सहायता से चिकित्सक घर-घर जाकर कोरोना मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे।
रेमडेसिविर व ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं
प्रदेश में 45086 क्वारंटीन बेड और 11549 आइसोलेशन बेड में से करीब 89 प्रतिशत बेड खाली हैं। 2131 आईसीयू बेड में से 58 प्रतिशत खाली हैं। 1079 वेंटिलेटर में से करीब 63 प्रतिशत खाली हैं। राज्य में इस समय करीब 42 हजार कोरोना संक्रमित हैं, जिनमें से करीब 30 हजार होम आईसोलेशन में है। ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर की कोई कमी नहीं है। सभी अस्पतालों में रेमडेसिविर की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में की जा रही है। 270 एमटी ऑक्सीजन उपलब्ध है, जबकि राज्य में 60 एमटी की खपत हो रही है।
50 फीसदी मामले गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद व सोनीपत में पूरे प्रदेश के 50 फीसदी कोरोना संक्रमित हैं। इन जिलों में अनेक लोग दिल्ली के हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संसाधनों की कमी का रोना रोने के बजाय उचित इंतजाम करने पर ध्यान दें। विज के निर्देशों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, मुख्य सचिव विजय वर्धन और स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं समिति के सदस्य सचिव राजीव अरोड़ा आदि भी मौजूद रहे।