फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Lockdown, Coronavirus in Punjab, Hotspot Area in Punjab: Death and Positive Case

कोरोना से पंजाब में 14वीं मौत, 24 घंटे में मिले नौ पॉजिटिव केस, 198 पहुंची पीड़ितों की संख्या

Fri, 17 Apr 2020 12:24 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Fri, 17 Apr 2020 12:24 AM IST
विज्ञापन
Lockdown, Coronavirus in Punjab, Hotspot Area in Punjab: Death and Positive Case
कोरोना वायरस - फोटो : PTI

पंजाब में कोरोना ने गुरुवार को एक और व्यक्ति की जान ले ली। इसके साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। बीते 24 घंटे के दौरान 9 पॉजिटिव केसों का पता चला, जिसके साथ राज्य में कोरोना से पीड़ित लोगों की संख्या भी 198 तक पहुंच गई है। इसी दौरान दो लोगों के ठीक होने की भी सूचना है। इसके चलते राज्य में कोरोना पर विजय पाने वाले मरीजों की गिनती अब 29 हो गई है।

विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान पटियाला में 3 लोग पॉजिटिव पाए गए, जो पहले से कोरोना पीड़ित व्यक्ति के करीबी थे। वहीं, पठानकोट में दो लोगों में से एक पॉजिटिव व्यक्ति पहले से कोरोना पीड़ित व्यक्ति के संपर्क में रहा है, जबकि दूसरा मामला सांस लेने में दिक्कत के चलते सामने आया है। लुधियाना में एक कानूनगो की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
विज्ञापन


जालंधर में छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 5 लोग अपने करीबी के संपर्क के कारण बीमार हुए हैं। वहीं, एक व्यक्ति सांस लेने में दिक्कत के कारण अस्पताल पहुंचा है। गुरुवार को अमृतसर के अस्पताल में जिस कोरोना पीड़ित की मौत हुई, वह गुरदासपुर का रहने वाला था। जिन 2 लोगों के ठीक होने की खबर आई है, उनमें से एक मोहाली और दूसरा पटियाला का है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

154 लोग आइसोलेशन वार्ड में

राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 154 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में अब तक 5524 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की है, जिनमें से 4727 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है जबकि 600 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।

मोहाली, जालंधर, पठानकोट में सबसे ज्यादा मरीज  
स्वास्थ्य विभाग से मिले जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, मोहाली जिला कुल 56 मरीजों के साथ कोरोना प्रभावित जिलों में सबसे ऊपर बना हुआ है। यहां अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है और 6 लोग ठीक भी हुए हैं। दूसरे नंबर पर 31 मरीजों के साथ जालंधर है, जहां 2 लोगों की मौत और 4 लोग ठीक हुए हैं। 

पठानकोट के 24 मरीजों में से 1 की मौत हो चुकी है जबकि नवांशहर के 19 मरीजों में से एक की मौत के बाद 15 लोग ठीक भी हो गए हैं। अमृतसर के 11 और लुधियाना के 12 मरीजों में से 2-2 लोगों की मौत हो चुकी है। लुधियाना में एक मरीज ठीक भी हुआ है। मानसा में 11 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि होशियारपुर के 7 मरीजों में से एक की मौत और 2 लोग ठीक हुए हैं। 

पटियाला में 6 मरीजों में से एक ठीक हुआ है। वहीं, मोगा में 4 और फरीदकोट में 3 मरीजों का इलाज चल रहा है। रोपड़ के तीन मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है। संगरूर में भी 3 मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। इनके अलावा बरनाला में 2 मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है। फतेहगढ़ साहिब और कपूरथला में 2-2, मुक्तसर साहिब और गुरदासपुर में 1-1 मरीज का इलाज चल रहा था, जिनमें से गुरदासपुर के मरीज की मौत हो चुकी है।

गुरदासपुर के कोरोना संक्रमित की अमृतसर में मौत

ब्लाक काहनूवान के गांव भैणी पसवाल के कोविड-19 संक्रमित मरीज संसार चंद (60) की वीरवार दोपहर को सरकारी मेडिकल कॉलेज अमृतसर में मौत हो गई। मरीज की हालत काफी नाजुक थी और उसे अमृतसर में वैंटिलेटर पर रखा गया था। गौर रहे कि संसार चंद गुरदासपुर का पहला कोरोना संक्रमित मरीज था। संसार चंद जालंधर में अपने भाई के उपचार के लिए अस्पताल गया था। उसके भाई की मौत हो गई थी। उसके भाई का संस्कार भी गांव में ही किया गया था।

इसी के साथ संसार चंद गुरदासपुर के कई अस्पतालों के संपर्क में भी आया था। प्रशासन की ओर से सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। डीसी मोहम्मद इश्फाक ने बताया कि जिले से कुल 105 संदिग्धों के सैंपल भेजे गए थे जिसमें उक्त मरीज को छोड़ सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। वीरवार को चार अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए। मृतक का संस्कार उनके पैतृक गांव भैणी पसवाल में किया जाएगा, जिसमें उसका परिवार और गांव की पंचायत सहित वह भी शामिल होंगे।

पटियाला: लंगर बांटने वाले व्यक्ति की पत्नी और दो बेटे भी पॉजिटिव 
पटियाला के कैलाश नगर के रहने वाले जिस 50 साल के दुकानदार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, बुधवार देर रात उसकी पत्नी व दोनों बेटों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया। तीनों को राजिंदरा अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।

इसके बाद सफाबादी गेट एरिया में कंटेनमेंट प्लान लागू करवाकर पुलिस तैनात कर दी गई। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि एरिया के शिव मंदिर में डॉक्टर समेत पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है। डीसी के आदेश के मुताबिक 215 टीमों का गठन करके घर-घर स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान 15947 घरों का सर्वे करके 67022 लोगों की सेहत की जांच की गई। आने वाले 5-6 दिनों में स्क्रीनिंग का काम पूरा हो जाएगा।

पठानकोट में 2 और संक्रमित, 24 पहुंचा आंकड़ा

जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात जारी रिपोर्ट में पठानकोट में दो नए संक्रमित सामने आए। इनमें से एक युवती सुजानपुर जबकि दूसरा व्यक्ति मामून का रहने वाला है।

इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई। दो दिन में 68 से अधिक लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने से प्रशासन और जनता ने राहत की सांस ली थी कि बुधवार देर रात अमृतसर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट ने जिले भर के लोगों और प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी।

जानकारी के मुताबिक सुजानपुर निवासी संक्रमित युवती शेखां मोहल्ला के संक्रमित परिवार के संपर्क में थी। जबकि मामून निवासी कैसे संक्रमित हुआ, उसकी जांच के लिए जिला प्रशासन और सेहत विभाग के अधिकारी जुटे हैं। बता दें, सुजानपुर निवासी मृतक महिला की नौकरानी इस युवती के घर भी काम करती थी। युवती के पिता भी संक्रमित हैं।

टीबी पीड़ित था मामून निवासी संक्रमित
जानकारी के मुताबिक मामून का संक्रमित 35 वर्षीय व्यक्ति पिछले 3-4 महीने से टीबी की समस्या से जूझ रहा था। पंगोली चौक स्थित अस्पताल से उसकी दवा चल रही थी। मंगलवार को पीड़ित अपने भाई के साथ सिविल अस्पताल गया और चेकअप करवाया। सिविल प्रशासन ने व्यक्ति का सैंपल लिया और घर भेज दिया। बुधवार रात रिपोर्ट आने पर पीड़ित को अस्पताल बुला लिया गया।

पीड़ित का भाई उसे छोड़ने सिविल अस्पताल गया तो उन्होंने पीड़ित को भर्ती कर भाई को भेज दिया। वीरवार सुबह सेहत विभाग की टीम ने पीड़ित के पिता, बेटे, भाई, पत्नी, भाभी, भतीजे और भतीजी के सैंपल लेकर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया। क्षेत्र के परिवारों को क्वारंटीन कर दिया गया है।

जालंधर में कोरोना के छह और केस सामने आए, आंकड़ा 31 पर

हॉटस्पाट घोषित जालंधर में कोरोना वायरस से ग्रस्त लोगों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। वीरवार को जिले में छह और पॉजिटिव मामले मिले। इसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 31 हो गई है। पुरानी सब्जी मंडी की कविता महाजन के संपर्क में रही नीरू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राजा गार्डन के कोरोना से ग्रस्त पाए गए समाचार पत्र के पेज मेकर जसबीर सिंह की बहन अमन का भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

कोरोना से ग्रस्त होकर मौत का शिकार होने वाली कुलजीत कौर के संपर्क की महिला मंजीत कौर और उसके पति को भी संक्रमण हो गया है। सेहत विभाग इनके संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को आइसोलेट करने में जुट गया है। 59 साल के बस्ती शेख निवासी अवतार को सांस फूलने की बीमारी थी, उसका सैंपल लेकर घर भेज दिया गया था।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसको दोबारा सिविल अस्पताल लाया गया है। एक मरीज किला मोहल्ला का रहने वाला है और वह मिट्ठा बाजार के कांग्रेस नेता दीपक शर्मा के संपर्क में आया था। दीपक शर्मा जब कोरोना संक्रमित पाया गया था तो उसके संपर्क वाले सभी लोगों के सेहत विभाग ने सैंपल लिए थे। इसमें किला मोहल्ला के सुरजीत कपूर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।  

कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. टीपी सिंह ने बताया कि शाहकोट के गांव कोटला हेरां में कोरोना संक्रमण से मरी महिला का 56 साल का पति पॉजिटिव पाया गया है। वह पिछले माह ही दुबई से आया था। उसकी पत्नी कुलजीत कौर की तबीयत 6 अप्रैल को खराब हुई थी। उसे तलवाड़ा अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां 8 अप्रैल को कुलजीत कौर में कोरोना के लक्षण दिखे।

इसके बाद उसकी मौत हो गई।  परिवार वालों ने कुलजीत कौर के अंतिम संस्कार में डब्लयूएचओ की गाइडलाइन को फॉलो नहीं किया। सेहत विभाग ने कुलजीत कौर के सैंपल लिए थे, जो पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उसके पति का भी सैंपल लिया गया था जो वीरवार को पॉजिटिव आ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed