Coronavirus: हरियाणा में कुल 254 मरीज और 141 हुए ठीक, पंचकूला में जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में कोरोना संक्रमण के चलते अभी भी स्वास्थ्य महकमे ने 14883 लोगों को मेडिकल सर्विलांस के दायरे में रखा हुआ है। 141 संक्रमित मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह जिला ऐसा है, जहां कुल 97 पॉजिटिव मरीजों में से अभी भी 34 मरीज एक्टिव केस हैं, बाकी मरीज ठीक हो गए हैं।
स्वास्थ्य महकमा अभी तक कुल 13894 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज चुका है, जिसमें से 11523 लोगों के सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। 2134 संदिग्धों की सैंपल रिपोर्ट आना अभी बाकी है। अभी तक सभी जिलों में कुल 254 मामले पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। उधर 28.82 लाख लोगों ने आरोग्य एप डाउनलोड कर लिया है। जिसके जरिये वे अपने-अपने इलाकों में कोरोना संक्रमण की जानकारी से अपडेट हो रहे हैं।
अभी तक विभिन्न जिलों में कुल पॉजिटिव मरीजों में से अंबाला में 11, भिवानी में 3, चरखी दादरी में 1, फरीदाबाद में 42, फतेहाबाद में 1, गुरुग्राम में 36, हिसार में 2, जींद में 2, करनाल में 6, कैथल में 2, नूंह में 57, पलवल में 34, पानीपत में 5, पंचकूला में 18, रोहतक में 2, सिरसा में 4, सोनीपत में 7, यमुनानगर में 3 और झज्जर में 1 मरीज सामने आ चुके हैं। गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में 14 इटालियन मरीजों को भी रखा गया था।
पंचकूला में एक और जमाती में कोरोना की पुष्टि
पंचकूला में सोमवार को एक और जमाती में कोरोना की पुष्टि हुई है। अब तक सात जमातियों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। पंचकूला में अब तक कोरोना के 18 केस सामने आ चुके हैं। पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि सोमवार को पीजीआई से रिपोर्ट आने के बाद एक जमाती में कोरोना की पुष्टि हुई है।
20 साल का युवक पिंजौर-नालागढ़ रोड पर बद्दी के पास नवांनगर गांव में रहता है। करीब 15 दिनों से वह वहीं क्वारंटीन सेंटर में था और उसके साथ एक युवक भी जमात के लिए हिमाचल के सिरमौर गया था, जिसकी दोनों रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक कोरोना वायरस से ग्रस्त सभी जमाती राजस्थान के सीकर से आए थे। हालांकि सोमवार सुबह जिस जमाती की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है, वह सीकर नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में पिछले महीने जमात से लौटा था।
जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे सेक्टर- 6 के जनरल अस्पताल के आइसोलेशन वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया है। इसके बाद वह कुछ दिन तक अपने परिवार के पास भी रहा। जब इसका पता चला तो डॉक्टरों ने इसे घर से बुलाकर क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कर दिया। जमातियों में अभी यह पहला केस है जो बाकी जमातियों से अलग आया है। इस युवक को भी ना तो बुखार था और ना ही गले में कोई दिक्कत। इसके अलावा उसे खांसी भी नहीं थी।
पंचकूला में एक और जमाती में करोना की पुष्टि हुई है। सभी क्वारंटीन किए गए लोगों को अभी क्वारंटीन सेंटर से डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। सभी के सैंपल दोबारा लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कोताही नहीं बरती जा रही है।
- डॉक्टर जसजीत कौर, सीएमओ, सेक्टर-6 सिविल अस्पताल।