कंप्यूटर टीचर्स की सरकार को चेतावनी, कानूनी रूप से घेरेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर बीते 142 दिन से धरना दे रहे हरियाणा के सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर टीचरों ने अब सरकार को कानूनी तौर पर घेरने का फैसला कर लिया है। इसके साथ ही टीचर मंगलवार से सड़कों पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। यह जानकारी सोमवार को कंप्यूटर टीचरों ने हरियाणा के एडवोकेट जनरल से मिलने के बाद पत्रकारों को दी।
कंप्यूटर टीचर संघ के प्रवक्ता सुरेश नैन ने बताया कि सोमवार को कंप्यूटर टीचरों ने एजी बलदेव महाजन से मिलकर उन्हें कानूनी स्तर पर अपनी मांगों के बारे में स्थिति से अवगत कराया। कंप्यूटर शिक्षक प्रतिनिधिमंडल के साथ उनके वकील भी बैठक में मौजूद थे।
लंबी बातचीत के बाद एजी बलदेव महाजन ने कहा कि वे पूरी स्थिति के बारे में राज्य सरकार के साथ बात करेंगे। सुरेश नैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एजी को सभी तथ्यों की जानकारी देते हुए वह मेरिट सूची भी सौंपी, जिसके आधार पर ही शिक्षा विभाग ने उन्हें कंप्यूटर टीचर नियुक्त किया था।
सड़कों पर उतर कर करेंगे फिर से प्रदर्शन
नैन ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षक फिर से सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि बीते 142 दिन के दौरान कंप्यूटर टीचर मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों और अफसरों से मिलकर अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन सभी ने उन्हें कोरे आश्वासन ही दिए हैं।
नैन ने यह भी कहा कि कंप्यूटर टीचरों ने जब-जब विरोध का स्वर तेज किया, उन पर पुलिस लाठीचार्ज कराया गया। उन्होंने बताया कि अब तक कंप्यूटर टीचरों पर आठ बार लाठीचार्ज हो चुका है। शिक्षक संघ के प्रधान बलराम धीमान ने बताया कि सरकार से लगातार शांतिपूर्ण बातचीत के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल रहा। इससे सरकार की मंशा पर सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि अब और आश्वासन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे बल्कि सरकार से आरपार की लड़ाई होगी।
आखिरी फैसला सरकार करेगी : गुप्ता
सोमवार को ही शिक्षा विभाग के वित्तायुक्त टीसी गुप्ता से भी कंप्यूटर टीचरों ने एक बार फिर मुलाकात की। इस बार टीचरों ने उन्हें अपनी मांग से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी भी दी। इस पर टीसी गुप्ता ने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से राज्य सरकार को नई भरती का प्रस्ताव भेजा गया है, इसके बावजूद कंप्यूटर टीचरों की नौकरी बहाली का अंतिम फैसला सरकार को ही लेना है।