फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Kuldeep was welcomed with drums and red carpet, as soon as he sat on the chair he said - Now the real development of Chandigarh will happen.

Chandigarh News: ढोल और रेड कार्पेट से कुलदीप का स्वागत, कुर्सी पर बैठते ही बोले- अब होगा चंडीगढ़ का असली विकास

Thu, 29 Feb 2024 03:01 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 29 Feb 2024 03:01 AM IST
विज्ञापन
Kuldeep was welcomed with drums and red carpet, as soon as he sat on the chair he said - Now the real development of Chandigarh will happen.
चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के मेयर कुलदीप कुमार ने बुधवार को अपना पद ग्रहण कर लिया। नगर निगम में कुलदीप का ढोल और रेड कार्पेट के साथ स्वागत हुआ। आप-कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता कुलदीप को बधाई देने के लिए पहुंचे। इसके बाद गठबंधन और भाजपा ने सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए नामांकन भी भरे। दोनों ने पुराने चेहरों को ही फिर मैदान में उतारा है।
विज्ञापन

कुलदीप सुबह 10 बजे मेयर की आधिकारिक गाड़ी में नगर निगम पहुंचे और फिर पांचवें फ्लोर पर मौजूद अपने दफ्तर में जाकर कुर्सी पर बैठे। उन्हें कुर्सी पर बिठाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी राजवीर सिंह घुम्मन, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एसएस अहलूवालिया, वरिष्ठ नेता प्रदीप छाबड़ा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की, नरेश गर्ग, चंद्रमुखी शर्मा, कौशल सिंह, विक्रम पुंडीर समेत सभी पार्षद जिसमें पार्षद प्रेम लता, दमनप्रीत सिंह, जसवीर सिंह लाडी, योगेश ढींगरा, मुनव्वर, रामचंद्र यादव, अंजू कत्याल, सुमन शर्मा, जसविंदर कौर समेत बड़ी संख्या में आप व कांग्रेस अन्य नेता और वालंटियर भी मौजूद थे। पद ग्रहण करने के बाद कुलदीप से मिलने वालों का ताता लगा रहा। लड्डू खाते-खाते कुलदीप का गला बैठ गया। उन्होंने कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। कहा कि आप ने शहर से जो वादे किए हैं, उसे जल्द ही नगर निगम की बैठक में पारित कर शहरवासियों को उसका लाभ दिया जाएगा।
विज्ञापन


पहली बैठक में लाएंगे 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का एजेंडाः कुलदीप
कुलदीप ने कहा कि अभी तक नगर निगम का बजट पास नहीं हुआ है। चुनाव के कुछ दिन बाद ही सदन की बैठक भी बुलाई जाएगी ताकि जो रुके हुए काम हैं, उन्हें पूरा किए जा सके। पहली बैठक में 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देने का एजेंडा लाया जाएगा। सदन से पास होने के बाद प्रस्ताव को प्रशासन से भी पास कराएंगे। दिल्ली सरकार पानी और बिजली मुफ्त दे रही है। उसी तर्ज पर चंडीगढ़ में भी सुविधा दी जाएगी। कहा कि सब-कमेटियों और वार्ड कमेटियों के गठन के लिए सदन में ही एजेंडा लाकर और पार्षदों से नाम मांग लिए जाएंगे ताकि आचार संहिता के लागू होने से पहले अधिकतर काम पूरे कर लिए जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा-गठबंधन ने भरा नामांकन, उतारे पुराने चेहरे
सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर भाजपा, आम आदमी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों ने नामांकन भर दिया है। एक बार फिर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर पुराने चेहरे ही उतारे गए हैं। गठबंधन ने सीनियर डिप्टी मेयर पद पर गुरप्रीत सिंह गाबी को खड़ा किया है, उनके खिलाफ भाजपा के कुलजीत सिंह संधू चुनाव लड़ रहे हैं। डिप्टी मेयर के पद पर गठबंधन की निर्मला देवी के खिलाफ भाजपा के पार्षद राजेंद्र शर्मा को उतारा गया है। नामांकन के लिए वीरवार का भी दिन है लेकिन दोनों पार्टियां किसी तरह का कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहती, इसलिए पहले दिन ही नामांकन दाखिल कर दिया गया है। अब चार मार्च को चुनाव होने हैं। वर्तमान में बहुमत भाजपा के पास है लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जीत दर्ज करने का दम भर रहे हैं।

पहले सेक्टर-25 में रहता था कुलदीप का परिवार, झोपड़ी में लगी आग तो डड्डूमाजरा में मिली जगह
कुलदीप कुमार ने अमर उजाला से खास बातचीत में अपने परिवार और जीवन के बारे में खुलकर बातचीत की। कहा कि परिवार में वह पहले है, जो राजनीति में आए हैं। बताया कि उनका परिवार पहले सेक्टर-25 की झोपड़ी में रहता था। 1969 में उसमें आग लग गई, जिसके बाद प्रशासन ने 1980 में डड्डूमाजरा में शिफ्ट कर दिया था। पिता की सरकारी नौकरी थी। वह छह भाई और बहन हैं। बड़े भाई ने कूड़ा बीनने का काम किया। एक भाई कबड्डी में नेशनल प्लेयर हैं। उन्हें भी बचपन से ही कबड्डी खेलने का शौक रहा। वर्ष 1997 से 2001 के बीच उन्होंने पांच बार कबड्डी में चंडीगढ़ के लिए नेशनल खेला। 2001 में कबड्डी खेलने के लिए गोवा भी गए। परिवार का टेंट हाउस का काम था लेकिन किसी कारण बिजनेस बंद होने की कगार पर आ गया तो दोस्तों ने सफाई कर्मचारी के काम पर लगाने की बात कही। 2018 में पहली बार झाड़ू उठाया और पहली ड्यूटी सेक्टर-44 की मार्केट में लगी। उन्होंने सेक्टर-8 और 22 में भी काम किया। कुलदीप ने बताया कि परिवार की हालत ठीक नहीं थी इसलिए पत्नी ने भी कुछ समय के लिए सफाई कर्मचारी का काम किया। 2020 में उन्हें भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा का चेयरमैन बनाया गया। 2021 में उन्होंने चुनाव लड़ा और फिर अब यहां तक पहुंच गए हैं।
--- नेताओं से बातचीत ---
भाजपा जीतेगी चुनाव
हमारे उम्मीदवार वही रहेंगे। चार मार्च को चुनाव है। भाजपा अपना सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर बनाएगी। इंडिया गठबंधन के अरविंद केजरीवाल की आदत पुरानी है, वे पहले आरोप लगाते हैं और फिर अदालत में जाकर माफी मांग लेते हैं इसलिए इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। - जेपी मल्होत्रा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
ये सच्चाई की जीत हुई है। आज का दिन चंडीगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन है। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। लोगों की उम्मीदों को गठबंधन के मेयर पूरा करेंगे। हम को-ऑर्डिनेशन कमेटी बनाकर लोगों के कामों को पूरा करेंगे और शहर को एक बार फिर नंबर-1 बनाया जाएगा। - एचएस लक्की, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस


पूरे देश में लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपा
भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। हर राज्य में दूसरे दलों के नेताओं, विधायकों और पार्षदों को डरा-धमका कर भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सब कुछ जनता के सामने आ गया है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। - डॉ. एसएस आहलूवालिया, प्रदेश सह-प्रभारी, आप
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed