कुलदीप बिश्नोई बोले- मैंने आज तक एक बार हीरे की अंगूठी खरीदी और वह भी शादी के लिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई पहली बार लोगों के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समर्थकों के आगे दिल की पीड़ा बयां की। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मुझे बदनाम करने और सियासी रूप से खत्म करने के लिए आयकर विभाग की तरफ से यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने डायमंड के बिजनेस के बारे में कहा कि आज तक मैंने ऐसा कोई बिजनेस नहीं किया। मैंने केवल एक बार हीरे के अंगूठी खरीदी थी, जो शादी के समय रेणुका को दी थी। मेरे परिवार को कोई भी सदस्य आज तक दक्षिण अफ्रीका नहीं गया, जबकि अफवाह फैलाई जा रही है कि वहां मेरी हीरे की खान है।
मैंने मेहनत से अपना व्यापार चलाया है
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि मैं कभी मुख्यमंत्री, मंत्री या किसी अन्य लाभ के ऐसे बड़े पद पर नहीं रहा, जिसके आधार पर मैं काला धन एकत्रित कर सकूं। मैंने मेहनत से काम करते हुए अपना व्यापार चलाया है, कभी जिंदगी में एक आना भी बेईमानी से नहीं कमाया। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि छापों में कुछ नहीं निकलने के बाद मुझे अब गलत तरीके से बदनाम किया जा रहा है।
मुझे सियासी रूप से खत्म करने के लिए साजिश रची जा रही
मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि मेरे पास से न तो अवैध संपत्ति बरामद हुई है और ना ही काला धन। मुझे सियासी रूप से खत्म करने के लिए साजिश रची जा रही है। उन्होंने समर्थकों से कहा कि जब तक आपका समर्थन और आशीर्वाद मेरे साथ है, तब तक मैं ऐसी किसी भी कार्रवाई से डरने वाला नहीं हूं। इस दौरान कुलदीप बिश्नोई के साथ उनकी माता जसमा देवी, पत्नी रेणुका बिश्नोई और बेटे भव्य बिश्नोई भी मौजूद रहे।
मीडिया से बात करने से किया परहेज
कुलदीप बिश्नोई ने अपने समर्थकों के सामने अपनी बात रखते हुए अपना भाषण केवल ढाई मिनट से कम समय में समाप्त कर दिया। इस दौरान एक समर्थक ने उनसे कहा कि वे एक बार प्रदेश की राजनीति छोड़कर अपने हलके को संभाले और गांव-गांव जाकर वर्करों की नब्ज टटोले और उनसे पूछे कि लोकसभा चुनाव में उनकी नाराजगी का कारण क्या था।
इस पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि वे अब हलके के प्रत्येक गांव में जाकर लोगों से रूबरू होंगे। इस दौरान जब मौके पर मीडियाकर्मियों ने उनसे कुछ पूछना चाहा तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।