Farishta Scheme: घायल को अस्पताल पहुंचाएं... 2000 रुपये पाएं, जानें- क्या है पंजाब की फरिश्ता स्कीम
स्कीम के मुताबिक पंजाब या पंजाब के बाहर का कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होता है तो उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को पंजाब सरकार फरिश्ता मानेगी और उसे 2000 रुपये की सम्मान राशि देगी। व्यक्ति से किसी भी तरह की कोई पूछताछ नहीं की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब सरकार जल्द ही फरिश्ता स्कीम शुरू करने जा रही है। इस स्कीम का उद्देश्य इलाज के अभाव में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में कमी लाना है। कार्रवाई के डर से कई बार लोग घायल की मदद नहीं करते हैं और वह सड़क पर ही तड़पता रहता है लेकिन पंजाब सरकार की यह योजना अब मददगार साबित होगी। योजना के मुताबिक हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचने पर 2000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। खास बात यह है कि युवक से कोई पूछताछ नहीं होगी।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने होशियारपुर में इस योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फरिश्ता स्कीम पंजाब में लागू होने जा रही है। स्कीम के मुताबिक पंजाब या पंजाब के बाहर का कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होता है तो उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को पंजाब सरकार फरिश्ता मानेगी और उसे 2000 रुपये की सम्मान राशि देगी। व्यक्ति से किसी भी तरह की कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। इसके अलावा घायल का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। भले ही वह प्राइवेट अस्पताल में ही क्यों न भर्ती हो। इलाज का खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।
मार्च में ही खुलेंगे 142 नए आम आदमी क्लीनिक
गढ़शंकर के गांव रुड़की पहुंचे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आया है और अब सब डिविजन और जिला अस्पतालों में अधिक से अधिक सुविधाएं देकर यहां भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। होशियारपुर में पहली बार आने पर स्वास्थ्य मंत्री को पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने लोकहितैषी बजट पेश किया है। हर वर्ग को लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पंजाब में अब तक 504 आम आदमी क्लीनिक खोल चुका है। मार्च के अंत तक 142 आम आदमी क्लीनिक जनता को और समर्पित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक खुलने से लोगों को काफी लाभ पहुंचा है क्योंकि यहां प्राथमिक जांच के अलावा लैब टेस्ट फ्री की जाती हैं। दवाएं भी नि:शुल्क दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए सीएम की योगशाला शुरू की जाएगी। अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में ज्यादा से ज्यादा भर्ती की जा रही हैं और लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए आईएमए का सहयोग भी लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए रेशनलाइज व गैप एनलाइज कर पूरी व्यवस्था ठीक की जाएगी। इस दौरान उन्होंने एसडीएम से गांव के स्कूल की मरम्मत और स्वास्थ्य उपकेंद्र को आम आदमी क्लीनिक बनाने का प्रस्ताव भेजने को कहा है। उन्होंने गांव की अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।