हरियाणा : करनाल और पानीपत में टोल प्लाजा पर किसानों का कब्जा, बैरियर तोड़ा, बिना शुल्क गुजर रहे वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने शनिवार को हाईवे और टोल जाम करने की घोषणा की थी। इससे पहले हरियाणा के करनाल और पानीपत में आंदोलनकारी किसानों ने शुक्रवार की देर रात ही बसताड़ा टोल प्लाजा और पानीपत टोल प्लाजा पर कब्जा कर लिया एवं बैरियर तोड़ दिया। साथ ही वाहनों की आवाजाही फ्री कर दी। इस दौरान मौके से पुलिस-प्रशासन नदारद रहा।
शनिवार सुबह किसानों ने हरियाणा के अंबाला में शंभू टोल प्लाजा को बंद करवाया। टोल कर्मियों का कहना है कि कल रात 12 बजे से टोल फ्री हो गया है। कुछ किसान आए थे और यह किसान आंदोलन के लिए किया गया है। हमें अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है कि यह कब तक जारी रहेगा वाहन चालकों को टोल नहीं देने दिया गया। जींद में खटकड़ और बद्दोवाल टोल भी फ्री करवाए गए। मुरथल टोल से भी वाहनों को बिना टोल दिए निकाला गया। घरौंडा टोल पर भी किसानों ने धरना देकर टोल फ्री करवा दिया।
चढूनी की अपील, टोल फ्री करते समय न करें रोड जाम, न तोड़फोड़
सोनीपत में किसान यूनियन नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने एक बयान जारी कर कहा कि हमने सिर्फ सिम पोर्ट करने को कहा है। मॉल और टावर पर धरने लगाने या तोड़फोड़ करने के लिए नहीं बोला। चढूनी ने कहा कि टोल फ्री करते समय कोई भी सड़क जाम नही करेगा। मॉल पर कोई हंगामा नहीं करना है। ऐसा करने से शरारती तत्व आ जाएंगे और किसानों का आंदोलन खराब हो जाएगा।
केएमपी, केजीपी पर भारी पुलिस बल तैनात, नहीं करने दिया फ्री
हालांकि केएमपी और केजीपी को टोल फ्री नहीं किया गया है। इन दोनों टोल पर भारी पुलिस बल मौजूद है। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। रेवाड़ी रोहतक हाईवे स्थित रेवाड़ी के गंगयचा टोल प्लाजा को भी फ्री नहीं किया गया है। मौके पर सीआरपीएफ और आरएफ तैनात हैं।
दूसरी ओर अन्नदाता भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरमुख सिंह ने कहा कि 13 दिसंबर को लोनी रोड बार्डर बंद करने का निर्णय भी लिया है। इसको लेकर हरियाणा व उत्तर प्रदेश के किसान संगठनों की बैठकों का दौर चल रहा है। रणनीति के तहत लोनी बार्डर रोड की ओर कूच किया जाएगा और किसानों के जत्थे वहां पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि टोल पर होने वाले प्रदर्शन के दौरान किसान दो बड़े औद्योगिक घरानों के उत्पादों का बहिष्कार भी करेंगे। वहीं 14 को जिला स्तर पर प्रदर्शन करने की भी किसानों द्वारा योजना बनाई जा रही है।
आज केएमपी टोल को बंद करेगी गुलिया खाप
किसान नेताओं और संगठनों के आह्वान पर 12 दिसंबर को गुलिया खाप तीसा की ओर से कुंडली-पलवल-मानेसर एक्सप्रेस हाइवे पर प्रदर्शन किया जाएगा। खाप नेताओं के अनुसार इस दौरान बादली में बनाए गए केएमपी टोल को बंद करवाया जाएगा, जबकि संगठनों की ओर से प्रस्तावित कंपनी के उत्पाद का बहिष्कार किया जाएगा। ढांसा बॉर्डर पर खाप के प्रधान विनोद गुलिया ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान विभिन्न खापों का समर्थन उनके साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर बादली के पास केएमपी के टोल प्लाजा को फ्री किया जाएगा। कल से प्रस्तावित कंपनी के किसी उत्पाद की खरीदारी नहीं करेंगे।