Haryana: आदमपुर उपचुनाव में अनदेखी पर जजपा नेतृत्व नाखुश, आज राजनीतिक मामलों की कमेटी लेगी अंतिम फैसला
जजपा का मानना है कि हिसार से दुष्यंत चौटाला और भिवानी से डॉ. अजय चौटाला जब सांसद रहे थे तो आदमपुर चुनाव से उनको अच्छी लीड मिली थी। इसलिए जजपा खुद को आदमपुर में निर्णायक भूमिका में मानती है। हालांकि, ये भी तय माना जा रहा है कि जजपा उपचुनाव में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी लेकिन अंतिम फैसला बुधवार को हाईकमान लेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आदमपुर उपचुनाव को लेकर अनदेखी पर जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेतृत्व नाखुश है। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हुई संसदीय दल की बैठक में तवज्जो नहीं देने का मामला उठा। वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ कई घंटों तक चली बैठक में आदमपुर चुनाव में प्रत्याशी उतारने या नहीं उतारने और भाजपा प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई के लिए प्रचार करने और नहीं करने पर कोई फैसला नहीं हो पाया। पार्टी ने इसके लिए बुधवार को राजनीतिक मामलों को देखने वाली कमेटी की बैठक बुलाई है। इसमें में आदमपुर चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय होगा।
मंगलवार को दिल्ली में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई घंटे तक मंथन किया गया। बैठक में नेताओं ने यह मुद्दा उठाया कि सरकार में गठबंधन में होने के बावजूद भाजपा द्वारा अपना प्रत्याशी तय करने से पहले जजपा से कोई राय नहीं लेना सही नहीं है।
बार-बार भव्य बिश्नोई और कुलदीप बिश्नोई द्वारा खुद को गठबंधन का उम्मीदवार न बताकर भाजपा का बताने पर भी आपत्ति है। न ही कुलदीप बिश्नोई ने जजपा से कोई संपर्क साधा है। तमाम मंथन के बाद ये सामने आया है कि आदमपुर चुनाव को लेकर जजपा पार्टी से समन्वय स्थापित नहीं किया गया। इसी अनदेखी से नाराज जजपा अपने कॉडर के दम पर भाजपा और बिश्नोई को अपनी अहमियत दिखाने की जुगत में है।
जजपा का मानना है कि हिसार से दुष्यंत चौटाला और भिवानी से डॉ. अजय चौटाला जब सांसद रहे थे तो आदमपुर चुनाव से उनको अच्छी लीड मिली थी। इसलिए जजपा खुद को आदमपुर में निर्णायक भूमिका में मानती है। हालांकि, ये भी तय माना जा रहा है कि जजपा उपचुनाव में अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी लेकिन अंतिम फैसला बुधवार को हाईकमान लेगी।
बैठक में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केसी बांगड़, राज्य मंत्री अनूप धानक, विधायक जोगीराम सिहाग एवं रामकरण काला, राजेंद्र लितानी, दिग्विजय चौटाला, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार के अलावा सभी प्रकोष्ठों के संयोजक, सभी जिलों के अध्यक्ष और महिला जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला जिला इकाइयों पर छोड़ा
जिला परिषद चुनाव पार्टी चुनाव निशान पर लड़ने का निर्णय जिला इकाइयों और वहां नियुक्त किए गए चुनाव प्रभारियों पर छोड़ा गया है। इसके लिए जेजेपी ने चुनाव के प्रथम चरण के नौ जिलों में चुनाव प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। ये सभी जिला चुनाव प्रभारी संबंधित जिलाध्यक्ष के साथ मिलकर जिला परिषद चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना जानेंगे और उसके आधार पर तय करेंगे कि जिला परिषद चुनाव अपने निशान पर लड़ना है या नहीं। यह सभी रिपोर्ट नवनियुक्त प्रभारी दो दिनों में देंगे।
जेजेपी ने इसके लिए भिवानी में कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली और चेयरमैन एवं वरिष्ठ नेता राजदीप फौगाट, पानीपत में राज्य मंत्री अनूप धानक और अशोक शेरवाल, यमुनानगर में सरदार निशान सिंह और मोहसीन चौधरी, पंचकूला में विधायक रामकरण काला और रणधीर चीका, जींद में डॉ. केसी बांगड़ और विधायक जोगीराम सिहाग, नूंह में दिग्विजय चौटाला और अनंतराम तंवर, महेंद्रगढ़ में चेयरमैन एवं वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी और रविंद्र सांगवान, झज्जर में धर्मबीर सिहाग और कर्नल सुखविंदर राठी और कैथल में बृज शर्मा और डॉ. विरेंद्र सिवाच को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
स्थापना दिवस पर भिवानी में नौ दिसंबर को रैली कर ताकत दिखाएगी जजपा
इस बार जननायक जनता पार्टी नौ दिसंबर को अपना चौथा स्थापना दिवस भिवानी जिले में मनाएगी। स्थापना दिवस पर पार्टी द्वारा प्रदेश स्तरीय बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने बताया कि जिला इकाई की मांग पर इस बार भिवानी में ही नौ दिसंबर को बड़ा आयोजन होगा।