JEE Mains 2020: सोशल मीडिया से दूरी बना दिव्यांशु बने ऑल इंडिया टॉपर, खोले सफलता के राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया से दूरी और कोचिंग के अलावा घर पर 5-6 घंटे की पढ़ाई ने दिव्यांशु अग्रवाल को ऑल इंडिया टॉपर का रैंक दिलाया। इसके अलावा दिव्यांशु किसी भी एग्जाम के समय न केवल मोबाइल से दूरी बना लेते थे, बल्कि अपने दोस्तों से भी दूर हो जाते थे। मोबाइल का प्रयोग वे तभी करते थे, जब किसी प्रश्न में दिक्कत आने पर अपने टीचर को फोन करना पड़ता था। इन सबके अलावा परिवार में माता-पिता की सपोर्ट उसे भरपूर मिली। दिव्यांशु ने बताया कि उसके माता-पिता डॉक्टर हैं और उन्होंने कभी भी उस पर यह दबाव नहीं डाला कि वह डॉक्टर बने, बल्कि उन्होंने उसे अपना फील्ड चुनने के लिए हमेशा प्रेरित किया।
हिसार के पीएलए निवासी दिव्यांशु अग्रवाल ने जेईई मेन-2020 की परीक्षा में ऑल इंडिया में टॉप किया। दिव्यांशु के पिता आदर्श कुमार रेडियोलॉजिस्ट हैं, जबकि माता रीना जैन सिविल अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। दिव्यांशु ने बताया कि उनका लक्ष्य इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना है। इसके लिए अब वह जेईई एडवांस की तैयारी करेंगे।
साथ ही गेस पेपर और नोट्स को सॉल्व करेंगे। दिव्यांशु के पिता आदर्श कुमार ने कहा कि वह जुनूनी है और उसके मन में बस एक ही सवाल था कि जेईई मेन में किसी न किसी तरह ऑल इंडिया टॉप करूं। आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई और उसने परिवार के साथ-साथ शहर और प्रदेश का नाम भी रोशन किया। दिव्यांशु की बड़ी बहन ध्वनि लॉ की पढ़ाई कर रही है।
दिव्यांशु ने इतने अंक किए हासिल
- फिजिक्स में 100 में से 100 अंक
- मैथ में 100 में से 100 अंक
- कैमिस्ट्री में 100 में से 99.99 प्रतिशत अंक
घर पर लगा बधाइयों का तांता
ऑल इंडिया टॉप करने पर शनिवार को दिव्यांशु के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से ही रिश्तेदार और पड़ोसी घर पहुंचने लगे। उसके माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। नागरिक अस्पताल में कार्यरत उनकी माता को स्टाफ सदस्य दिनभर बधाई देते रहे। दिव्यांशु को फोन पर भी काफी बधाइयां दी जाती रहीं।