Haryana Weather: हरियाणा में 60 दिन बाद हुई बारिश, आठ साल बाद सबसे कम बरसात, आज ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में इस साल जनवरी महीने में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। 13 साल बाद इस साल जनवरी महीना सबसे ठंडा रहा है। वहीं आठ साल में सबसे कम बारिश इस साल जनवरी में हुई। मौसम विभाग ने एक फरवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आखिरकार 60 दिन बाद हरियाणा के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले एक दिसंबर को हरियाणा में बारिश रिकॉर्ड हुई थी। बारिश और घने कोहरे की वजह से कई जगह तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। सबसे न्यूनतम तापमान भिवानी में 13.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब सात डिग्री से कम था।
वहीं, करनाल में 13.4, झज्जर में 13.4, रोहतक में 14.2, हिसार में 15.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, हरियाणा के कई जिलों में अतिघना कोहरा रिकॉर्ड किया गया है। भिवानी व अंबाला में दृश्यता 50 मीटर रिकॉर्ड हुई जबकि हिसार व करनाल में 200-500 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि एक फरवरी को भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही सुबह के वक्त अतिघना कोहरा छा सकता है। वहीं, दो को मौसम शुष्क रहेगा। उसके बाद तीन व चार फरवरी को एक दो जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने एक फरवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रात का तापमान अब बढ़ने लगा है। राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है।
13 साल में सबसे ठंडा रहा जनवरी
इस बार हरियाणा में कड़ाके की सर्दी पड़ी है। मौसम विभाग के मुताबिक जनवरी का महीना पिछले 13 सालों में सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया है। जनवरी में अंबाला का औसत अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री, हिसार का 13.8 और करनाल का 13.1 डिग्री दर्ज किया गया है, जो पिछले 13 सालों में सबसे कम रहा है।
वहीं, हरियाणा में आठ साल बाद सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक जनवरी में सामान्य बारिश का औसत करीब 14.5 एमएम है। इसके मुकाबले में राज्य में 99 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले 2016 में भी 99 फीसदी कम बारिश हुई थी। साल 2023 में 11.6 एमएम, 2022 में 69.4, 2021 में 20.9, 2020 में 23 और 2019 में 14.6 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।
कहां - कितनी बारिश
| जिला | बारिश (एमएम में) |
| भिवानी | 15 |
| झज्जर | 10 |
| रोहतक | 11 |
| चरखी दादरी | 05 |
| जींद | 03 |
| फतेहाबाद | 2.5 |
| अंबाला | 02 |
| सोनीपत | 02 |
| पानीपत | 1.5 |
| हिसार | 0.7 |
| महेंद्रगढ़ | 0.5 |
| कैथल | 0.5 |
| सिरसा | 0.2 |