भाजपा के घोषणापत्र पर क्या बोले कांग्रेस-इनेलो?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के घोषणा पत्र का विशलेषण कर घोषणाओं को दस साल पीछे बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2005 और 2009 में किए अपने सभी वादों को पूरा कर दिया है। भाजपा ने उन्हीं वादों को अपने घोषणा-पत्र में शामिल किया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की अलग से खंड पीठ का वादा करके भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह चंडीगढ़ में ही हरियाणा के अलग हाईकोर्ट के खिलाफ है। इसका यह मतलब भी है कि भाजपा ने चंडीगढ़ पर अपना दावा छोड़ दिया है।
यहां जारी बयान में दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा ने कहा है कि वह सत्ता में आने पर दिल्ली के एम्स जैसे दो चिकित्सा संस्थान हरियाणा में स्थापित करेगी। इस बात का खुलासा नहीं किया कि वे किस शहर में खुलेंगे और कब तक।
हाईकोर्ट की खंडपीठ के मुद्दे पर किया पलटवार
भाजपा नेता शायद यह बात भूल गए कि बाढसा में एस पहले से ही स्थापित किया जा चुका है और पीजीआई रोहतक को भी मेडिकल यूनिवर्सिटी बनाकर एम्स जैसा दर्जा दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में स्पष्ट किया है कि सिरसा, रेवाड़ी व कुरुक्षेत्र में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जबकि भाजपा ने इसका खुलासा ही नहीं किया।
भाजपा एसवाईएल पर गंभीर नहीं:
दीपेंद्र ने कहा कि अगर भाजपा एसवाईएल के मुद्दे पर इतनी ही गंभीर है तो पंजाब में उनके गठबंधन से सरकार है और उसे चाहिए कि वह पंजाब सरकार पर दबाव बनाकर हरियाणा के किसानों को उनके हिस्से का पानी दिलवाएं।
नई खेल नीति एवं ब्लाक स्तर पर स्टेडियम की घोषणा को हास्यास्पद बताते हुए दीपेंद्र ने कहा कि भाजपाइयों को शायद इस बात का ज्ञान नहीं है कि हरियाणा में 146 ब्लॉक है और सरकार इन ब्लाकों में एक से सवा करोड़ रुपये प्रति स्टेडियम के हिसाब से 236 खेल स्टेडियम का निर्माण पहले ही करवा चुकी है।
भाजपा का घोषणा पत्र मात्र चुनावी स्टंट: अभय
इनेलो ने हरियाणा भाजपा के घोषणा पत्र को चुनावी स्टंट और झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार है। अगर भाजपा चौधरी देवीलाल द्वारा शुरू की गई बुढ़ापा सम्मान पेंशन बुजुर्गों को दो हजार रुपये महीना देने के प्रति गंभीर है तो उसे तुरंत केंद्र सरकार से इसे पूरे देश में लागू करवाना चाहिए।
अन्यथा यह माना जाएगा कि भाजपा केवल हरियाणा के लोगों को बहकाकर वोट लेने के लिए हरियाणा में यह घोषणा कर रही है और इस घोषणा के प्रति भाजपा में कहीं कोई संजीदगी नहीं है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश में भाजपा का शासन है और पूर्ण बहुमत की सरकार है ऐसे में केंद्र की भाजपा सरकार को दो हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने से कौन रोक रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों को सम्मान देने के लिए बुढ़ापा पेंशन योजना लागू की थी और बाद में अन्य राज्यों व केंद्र ने इस योजना का अनुसरण किया था।