हरियाणाः एचपीएससी की नई भर्तियों पर फिलहाल रोक, कई भर्तियों की परीक्षा भी स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की निगरानी में होने वाली कई भर्तियां जहां पहले ही लटकी हुई हैं, वहीं लेक्चरर पद की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिलहाल आयोग ने नई भर्तियों पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है। कमीशन ने साफ कर दिया है कि नई भर्तियों के लिए अब पर्याप्त समय नहीं बचा है।
उधर, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगने वाले आचार संहिता को लेकर भी कम ही समय बचा है। ऐसे में नई भर्ती संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी। इसी को लेकर कई परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
इसके अलावा एचपीएससी की कई भर्तियां अभी हाईकोर्ट में लंबित चल रही हैं। इन भर्तियों की प्रक्रिया के दौरान कई आवेदकों ने भर्तियों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका डाली हुई है, जिस वजह से आज तक यह भर्तियां लंबित ही पड़ी हुई हैं।
नायब तहसीलदार की भर्ती रद्द न करने पर अड़ा आयोग
उधर, हरियाणा में पिछले दिनों नायब तहसीलदार पद के लिए परीक्षा भी कानूनी पचड़ों में फंसी हुई है। इस मामले में पेपर लीक होने के बाद मामला हाईकोर्ट तक में पहुंच चुका है। जिस पर हाईकोर्ट ने नोटिस जारी का आयोग से जवाब भी तलब किया है। लेकिन आयोग फिलहाल इस भर्ती प्रक्रिया को रद्द नहीं करने पर अड़ा है।
आयोग के चेयरमैन मनबीर सिंह का दावा है कि इस मामले में पेपर लीक हुआ ही नहीं है, परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले एक सेंटर पर इस तरह का प्रयास किया जाने लगा था, जिसे तुरंत पकड़ लिया गया और पुलिस इस मामले में कार्रवाई भी कर रही है। इसलिए नायब तहसीलदार की परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। उनके अनुसार आयोग हाईकोर्ट में मजबूती से इस बारे में अपना जवाब रखेगा।
यह भर्तियां हुई स्थगित
- आयोग ने एचसीएस (एग्जीक्यूटिव ब्रांच) की मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया गया है, आवेदक इस भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठा रहे थे
- हरियाणा स्वास्थ्य महकमे में ड्रग कंट्रोल अफसर (श्रेणी दो) के लिए जुलाई के पहले हफ्ते में होने वाले भर्ती टेस्ट भी स्थगित
- जुलाई में ही सहायक श्रम आयुक्त पद के लिए होने वाले रिक्रूटमेंट/स्क्रीनिंग टेस्ट को भी स्थगित हो गया है
- हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत इतिहास, राजनीति शास्त्र व अर्थशास्त्र के सहायक प्रोफेसर पद के लिए होने वाला टेस्ट भी स्थगित
लेक्चरर पद की भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी होने वाली है। चयनित अवेदकों के इंटरव्यू चल रहे हैं। इनकी भर्ती पूरी होने के बाद अगली माह आयोग अपनी अनुशंसा सरकार को भेज देगा। इसके बाद अन्य नई भर्तियों के लिए फिलहाल पर्याप्त समय नहीं बचा है। इसलिए आयोग के अगले आदेशों तक नई भर्तियों पर रोक रहेगी। - मनबीर सिंह भड़ाना, चेयरमैन, हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन