श्री कीरतपुर साहिब में होला मोहल्ला का आगाज, शौर्य और पराक्रम का है प्रतीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खालसा पंथ की चढ़दीकला के प्रतीक होला मोहल्ला के पहले पड़ाव की आरंभता श्री कीरतपुर साहिब में श्रद्धापूर्वक और हर्षोल्लास के साथ हुई। गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब में आरंभता की अरदास कर श्री अखंड पाठ शुरू किए गए। मेले के पहले पड़ाव की शुरुआत के दौरान शनिवार से श्री कीरतपुर साहिब में संगत उमड़ पड़ी।
इससे पहले शुक्रवार रात 12 बजे के बाद पांच पुरातन नगाड़े, जिनमें रणजीत नगाड़ा, तख्त श्री केसगढ़ साहिब का नगाड़ा, किला आनंदगढ़ साहिब का नगाड़ा, किला आनंदगढ़ साहिब के लंगर हॉल वाला नगाड़ा, गुरुद्वारा शहीदी बाग के नगाड़ा शामिल है, बजाकर होला मोहल्ला के शुरू होने का एलान किया गया। गुरुद्वारा श्री पतालपरी साहिब के निकट बने सरोवर में स्नान कर संगत ने गुरु घर में माथा टेका।
इस मौके पर गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब, गुरुद्वारा बाबा गुरदित्ता जी, दरगाह पीर साईं बुढण शाह, गुरुद्वारा श्री शीश महल साहिब, गुरुद्वारा श्री कोट साहिब, गुरुद्वारा श्री चरनकंवल साहिब, गुरुद्वारा श्री बिबाणगढ़ साहिब, डेरा बाबा श्री चंद जी के अलावा अन्य धार्मिक स्थलों पर लोग नतमस्तक हुए। किला आनंदगढ़ साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में एक अलौकिक समागम हुआ।
इस समागम में हिमाचल से बड़ी संख्या में संगत एक विशाल नगर कीर्तन के रूप में एसजीपीसी सदस्य डॉ. दलजीत सिंह भिंडर की अगुवाई में किला आनंदगढ़ साहिब में देर शाम पहुंची। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा तख्त श्री केसगढ़ साहिब की छत्रछाया में आयोजित इस छह दिवसीय मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस मेले की आरंभता करते हुए तख्त श्री केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघुवीर सिंह ने आरंभता की अरदास की। उन्होंने बताया कि दो पड़ावों में मनाए जाने वाले इस राष्ट्रीय पर्व के पहले पड़ाव की शुरुआत हो गई है। इस दौरान रखे श्री अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता के भोग दो दिन बाद डालकर मेला यहां संपन्न होगा। इसके बाद श्री आनंदपुर साहिब में इस मेले के दूसरे पड़ाव की शुरुआत होगी।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
एसजीपीसी ने मेले में आने वाली संगत की सुविधा के पुख्ता प्रबंध करने का दावा किया है। एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के मैनेजर जसवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब में ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण किया गया है। गुरुद्वारा श्री पतालपुरी साहिब, गुरुद्वारा बाबा गुरदित्ता जी के अलावा अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी रखेंगे। संगत के लिए कमेटी ने दुर्घटना बीमा भी करवाया है। कई स्थानों पर लंगर लगाए जाएंगे और धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे।