Punjab: प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट का समापन, हिंदूजा ग्रुप लगाएगा इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण इकाई
दो दिन तक मोहाली स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में चले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट का शुक्रवार को समापन हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समापन अवसर पर बताया कि प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट में बसों के निर्माण में अग्रणी हिंदूजा ग्रुप ने पंजाब में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिंदुजा ग्रुप पंजाब में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट लगाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी। उन्होंने बताया कि हर तीन माह के बाद एक मिनी इन्वेस्टर्स समिट करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग की जगह स्पीड ऑफ डूइंग पर फोकस करेगी। सीएम ने बताया कि निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से 50,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
दो दिन तक मोहाली स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में चले प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट का शुक्रवार को समापन हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समापन अवसर पर बताया कि प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट में बसों के निर्माण में अग्रणी हिंदूजा ग्रुप ने पंजाब में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए उपयुक्त जगह की तलाश कर दो माह के भीतर यूनिट स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ग्रुप के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को समिट में इस संबंध में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से अलग से मुलाकात की। सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकार को दो दिन के भीतर मिले निवेश प्रस्तावों के धरती पर उतरने से 50,000 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मिनी इन्वेस्टर्स समिट में उद्योगों की सुनी जाएंगी समस्याएं
सीएम ने बताया कि प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट की तर्ज पर पंजाब में हर तीन माह के बाद एक मिनी इन्वेस्टर्स समिट करवाई जाएगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों की सेक्टर स्तर पर समस्याएं सुनी जाएंगी और उद्योपतियों के सुझाव भी लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ईज ऑफ डूइंग की जगह स्पीड ऑफ डूइंग पर फोकस करेगी ताकि उद्योगपतियों को उद्योग स्थापित करने में किसी तरह की दिक्कत पेश न आए। मान ने कहा कि यह एमओयू नहीं बल्कि एमओडीएस यानी मेमोरेंडम ऑफ दिल से है, जिसके तहत निवेशकों का सरकार के साथ एक पवित्र समझौता होगा।
जबरदस्ती समझौते की प्रथा खत्म
इससे पहले उद्यमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपतियों की बाजू मरोड़ कर जबरदस्ती समझौते करने की प्रथा अब खत्म हो गई है। आज राज्य में बड़े स्तर पर औद्योगीकरण को यकीनी बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। भगवंत मान ने राज्य में निवेश करने के लिए बड़ी संख्या में आए उद्योगपतियों का धन्यवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने इन्वेस्ट पंजाब को इस समागम की सफलता के लिए बधाई भी दी।
हिंदुजा समेत कई कंपनियों ने परिवहन मंत्री को दिए प्रस्ताव
हिंदुजा ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब निवेशक सम्मेलन-2023 में शुक्रवार को परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से मुलाकात कर कई प्रस्ताव दिए। भुल्लर ने कहा कि उद्योगपतियों के लिए पुर्जों और बैटरियों के निर्माण के लिए पंजाब सबसे पसंदीदा स्थल बनकर उभरा है।
हिंदुजा ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री को कंपनी के उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन नीति से प्रभावित होकर कंपनी राज्य में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण के अंतर्गत छोटी बस बनाने की इच्छा रखती है। वह सरकार के साथ हिस्सेदारी करके राज्य में ड्राइवर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी खोलने को तैयार है।
भुल्लर ने बताया कि पंजाब इलेक्ट्रिक वाहन नीति (पीईवीपी)-2022 वाहनों के प्रदूषण के कारण राज्य के दूषित हो रहे वातावरण को बचाने और लोगों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से बनाई गई है। इस नीति के अंतर्गत वाहनों के प्रदूषण निकास को घटाने, बुनियादी ढांचे का निर्माण, अनुसंधान और विकास, रोजगार के मौके, स्थिरता को यकीनी बनाने के अलावा पंजाब को इलेक्ट्रिक वाहनों, पुर्जों और बैटरियों के निर्माण के लिए एक पसंदीदा स्थान के तौर पर स्थापित किया जा सकेगा।