चंडीगढ़। कुछ दिन पहले अमेरिका के शिकागो में चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर की बड़ी नीलामी हुई थी। चंडीगढ़ हेरिटेज आइटम प्रोटेक्शन सेल के सदस्य अजय जग्गा ने इसकी शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास से शिकायत की थी। दूतावास ने जांच शुरू कर शिकायतकर्ता ने नीलामी से जुड़ी जानकारी मांगी है।नीलामी में चंडीगढ़ के नौ हेरिटेज आइटम्स करीब एक करोड़ रुपये में बिके थे। इसमें सबसे महंगा पंजाब यूनिवर्सिटी के छह स्टूल का सेट 18 लाख 70 हजार रुपये में बिका था। इस मामले में प्रारंभिक जांच की गई है। अजय जग्गा ने बताया कि अमेरिका के शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास से उन्हें एक पत्र आया है, जिसमें मामले की प्रारंभिक जांच का उल्लेख किया गया है। यही कारण है कि जग्गा ने राज्यसभा के महासचिव को भी इसकी जानकारी दी है। जग्गा ने बताया कि दूतावास की तरफ से इस संबंध में उनसे और जानकारी मांगी गई है। 30 मार्च को शिकागो में हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी हुई थी, जिसमें नौ आइटम्स एक करोड़ रुपये में बिके थे। जिन आइटम्स को नीलामी में रखा गया था, उसमें हाईकोर्ट की कुर्सियां, एमएलए फ्लैट्स के बेंच, कुर्सी और मेज, पीयू की आठ कुर्सियों का सेट, एमएलए फ्लैट्स के नाइट स्टैंड्स, टेबल और स्टूल, पीयू के बॉक्स स्टूल, पीयू के तीन स्टूल का एक सेट, डेस्क और कुर्सियां शामिल हैं। ये सभी एक करोड़ 64 हजार रुपये में बिके थे। जग्गा ने कहा है कि इन आइटम्स को देश से बाहर लाने के लिए जो दस्तावेज इस्तेमाल किए गए, उनकी जांच होनी चाहिए। जो भी फर्नीचर की तस्करी में शामिल है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय स्तर पर भी इसकी चोरी रोकने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हेरिटेज फर्नीचर की संभाल के लिए नियम बनाने की भी जरूरत है।