हरियाणा: आज से सक्रिय होगा मानसून, 28 जुलाई तक बारिश, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हरियाणा में एक बार मौसम फिर सक्रिय होगा। सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। 28 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिले में भारी बारिश की संभावना है।
विस्तार
हरियाणा में एक बार फिर से मानसून सक्रिय होगा। बुधवार तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बनने वाले एक कम दबाव के क्षेत्र के कारण 25 जुलाई की रात से फिर से प्रदेश में मानसून सक्रिय होगा। ज्यादातर क्षेत्रों में तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।
इधर, शनिवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा लेकिन उमस के कारण लोग दिनभर पसीना-पसीना रहे। सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबाला का 37.4 डिग्री और सबसे कम करनाल का 35 डिग्री सेल्सियस रहा। रात्रि तापमान प्रदेशभर में 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
- 25 जुलाई - यमुनानगर, अंबाला में बारिश के आसार
- 26-27 जुलाई - ऑरेंज अलर्ट, 12 जिलों में (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत) में भारी बारिश की चेतावनी। शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट।
- 28 जुलाई - ऑरेंज अलर्ट, 6 जिलों में (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल) भारी बारिश के आसार। शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट।
प्रदेश में 202 एमएम औसत बारिश
एक जून से 24 जुलाई तक हरियाणा में 202 एमएम औसत बारिश हो चुकी है, जो 20 फीसदी अधिक है। इस अवधि में प्रदेश में 168 एमएम औसत बारिश होती है। अब हरियाणा के पांच जिलों में ही कम बारिश है, शेष जिलों में अच्छी बारिश हो चुकी है।