हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: आज तेज हवाओं के साथ बारिश व ओले पड़ने के आसार, 10 मार्च को फिर बदलेगा मौसम
- पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर के लिए ऑरेंज और बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी
- 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की गति से चलेंगी हवाएं ,10 मार्च को फिर बदलेगा मौसम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज रविवार सुबह से ही बदला-बदला है। आज तेज हवाओं के साथ मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अंधड़, बारिश व ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट और शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार शाम को ही बादल छा गए। मौसम बदलने से रविवार दोपहर के समय सूर्यदेव के तेवर कुछ नरम रहेंगे। साथ ही सुबह-शाम गुलाबी ठंड का अहसास होगा। 10 मार्च को मौसम फिर से करवट लेगा। प्रदेश में कई जगह बारिश हो सकती है। खासतौर पर जीटी बेल्ट के जिलों में 12 मार्च तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। इससे रविवार को 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
नारनौल का अधिकतम तामपान 35 डिग्री पहुंचा
एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अनुसार सीजन में पहली बार नारनौल का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दिनभर कड़ी धूप रही, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हिसार और सिरसा का रात्रि तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- स्थान अधिकतम न्यूनतम
- नारनौल 35.0 12.5
- रोहतक 33.0 13.6
- हिसार 32.6 12.0
- भिवानी 31.3 13.6
- सिरसा 29.9 12.0
- अंबाला 29.7 13.3
- करनाल 28.0 13.0
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण उत्तरी हरियाणा में बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है। हरियाणा के बाकी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इस मौसम से सभी तरह की फसलों को फायदा होगा। तापमान लगातार बढ़ रहा है, मौसम बदलने से तापमान में कमी आएगी जो सभी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगा। रविवार को दिन और रात के समय हवाएं भी चलने के कारण भी तापमान गिरने की संभावना है। - डॉ. मदन खिचड़, अध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार।