{"_id":"5fe0d1aa8ebc3e3d92219f2b","slug":"haryana-weather-news-yellow-alert-of-meteorological-department-till-25-december-in-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा में 25 दिसंबर तक मौसम विभाग का येलो अलर्ट, बुधवार से घना कोहरा व कड़ाके की ठंड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा में 25 दिसंबर तक मौसम विभाग का येलो अलर्ट, बुधवार से घना कोहरा व कड़ाके की ठंड
Tue, 22 Dec 2020 02:31 AM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Tue, 22 Dec 2020 02:31 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : amar ujala
हाड़ कंपकंपा देने वाली भीषण सर्दी और शीत लहर से जूझ रहे हरियाणावासियों को बुधवार से घना कोहरा परेशान करेगा। मौसम विभाग ने 23 से 25 दिसंबर तक हरियाणा में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले प्रदेश में मंगलवार को भी कड़ाके की सर्दी पड़ेगी और कई जिलों में शीत लहर का जोर रहेगा। बुधवार से मौसम बदलेगा और तीन दिन तक कोहरा छायेगा।
विज्ञापन
इधर, सोमवार को सुबह से ही कड़ी धूप निकलने के कारण प्रदेश भर में दिन का तापमान सामान्य रहा और लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। सबसे कम दिन का तापमान अंबाला और रोहतक का 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में सबसे अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
विज्ञापन
अंबाला का रात्रि तापमान प्रदेश भर में सबसे कम 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को कहीं-कहीं आंशिक बादल भी छाए। यही कारण रहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि 22 से 24 दिसंबर तक रात्रि तापमान में हल्की गिरावट और सुबह व देर रात धुंध छाने की संभावना है।
विज्ञापन
यमुनानगर सबसे प्रदूषित, एक्यूआई 398 पहुंचा
लगातार बदल रहे मौसम के साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी बढ़ोतरी होने लगी है। सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में हवा बेहद खराब रही और एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। सबसे अधिक एक्यूआई यमुनानगर का 398 दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद का 334, गुरुग्राम का 329, हिसार का 302, कुरुक्षेत्र का 300 और रोहतक का एक्यूआई 312 रहा। मंडीखेड़ा का एक्यूआई सबसे कम 87, पलवल का 114 और करनाल का 118 दर्ज किया गया।
- स्थान अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला 19.6 3.3
- नारनौल 26.8 4.3
- भिवानी 22.0 5.3
- हिसार 22.4 5.5
- करनाल 19.8 5.5
- रोहतक 19.6 5.8
- सिरसा 22.0 5.5
- कुरुक्षेत्र 20.5 6.0