रोडवेज हड़तालः 47 प्रोबेशनर ड्राइवर और बर्खास्त, परिवहन मंत्री से वार्ता को तालमेल कमेटी तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा रोडवेज के हड़ताली कर्मचारियों और सरकार के बीच तनातनी बरकरार है। कर्मचारी हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हैं तो सरकार भी किलोमीटर स्कीम पर कदम पीछे खींचने के मूड में नहीं है। सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 47 और प्रोबेशनर ड्राइवर और बर्खास्त कर दिए। सोमवार को 41 ड्राइवरों को बर्खास्त किया गया था।
उधर, हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी सरकार के साथ वार्ता को तैयार हो गई है। बुधवार शाम चार बजे से परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ हरियाणा निवास चंडीगढ़ में वार्ता शुरू होगी। इसमें सीएम के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और परिवहन विभाग के एसीएस धनपत सिंह भी मौजूद रहेंगे। तालमेल कमेटी ने एक बार फिर किलोमीटर स्कीम रद्द होने तक चक्काजाम जारी रखने का एलान किया है तो सीएम मनोहर लाल ने दो टूक कह दिया कि हड़ताली कर्मचारी सरकारी की नीतियों में दखल न दें।
एसीएस परिवहन धनपत सिंह ने कहा कि बर्खास्तगी के डर से प्रोबेशन पर कार्यरत कर्मचारी ड्यूटी पर लौटने लगे हैं। 174 ईपीबीजी श्रेणी के चालकों को नियुक्ति दे दी गई है। इससे रोडवेज बसों का संचालन सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने मंगलवार को प्रदेश में 2802 बसें सड़कों पर चलने का दावा किया। धनपत सिंह ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की 1464, स्कूलों की व प्राइवेट 279 बसें और सहकारी समितियों की 1059 बसें चली हैं। सोमवार को रोडवेज की 800 व रविवार को 509 बसें चली थीं।
जनता के लिए पॉलिसी बनाना सरकार का काम : मनोहर
सीएम मनोहर लाल के तेवर हड़ताली कर्मचारियों पर सख्त हैं। सीएम ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनता के लिए पॉलिसी बनाना सरकार का काम है। रोडवेज कर्मचारी अपनी सीमा में रहें। यूनियनें केवल कर्मचारियों के लिए हित के लिए दखल दे सकती हैं, लेकिन जनता के लिए जो भी पॉलिसी बनानी है, वह सरकार बनाएगी। रोडवेज यूनियनों को उसमें दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।
गुप्त बैठक में बनाई वार्ता की रणनीति
हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी की आपात बैठक चंडीगढ़ में गुप्त स्थान पर हुई। कमेटी के वरिष्ठ सदस्य हरिनारायण शर्मा, इंद्र बधाणा, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत, जयभगवान कादियान, बाबूलाल यादव, पहल सिंह तंवर, सरबत पूनिया, बलवान सिंह दोदवा, ओमप्रकाश ग्रेवाल, रामकुमार वर्मा व आजाद गिल ने बैठक में बुधवार को परिवहन मंत्री के साथ होने वाली वार्ता की रणनीति तैयार की।
सरकार की ओर से वार्ता में शामिल होने के लिए यूनियन प्रधान विरेंद्र धनखड़, हरिनारायण शर्मा, इंद्र सिंह बधाणा, दलबीर सिंह किरमारा, अनूप सहरावत, जय भगवान कादियान व बाबू लाल यादव को बातचीत का न्योता भेजा गया है। वार्ता में यूनियनों की ओर से प्रधानों के साथ महासचिव भी शामिल होंगे। बैठक में किलोमीटर स्कीम रद्द होने तक चक्काजाम लगातार जारी रखने का फैसला लिया गया है।
कर्मचारियों को उत्पीड़न से तोड़ना मुश्किल
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी ने कहा कि हड़ताल के 8वें दिन भी जारी रहने से प्रदेश में त्राहि-त्राहि मची हुई है। जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सरकार झुकने को तैयार नहीं है। उत्पीड़न की कार्रवाई कर कर्मचारियों की एकजुटता को सरकार नहीं तोड़ सकती। अब यह रोडवेज का नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बन चुका है। साढ़े तीन कर्मचारी समर्थन में उतर चुके हैं। सरकार जल्दी नहीं मानी तो जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।
डीजी कार्यालय का मिनिस्ट्रीयल स्टाफ हड़ताल पर जाएगा
महानिदेशक परिवहन कार्यालय के मिनिस्ट्रयल स्टाफ ने भी सरकार के रवैये के खिलाफ महानिदेशक को हड़ताल पर जाने का ज्ञापन सौंप दिया है। किसी भी समय कर्मचारी कामकाज ठप कर सकते हैं। इससे परिवहन मुख्यालय पंगु हो जाएगा।
200 बसों एक ट्रांसपोर्टर को देने के वायरल वीडियो की हो जांच
तालमेल कमेटी ने आरोप लगाते हुए कहा कि किलोमीटर स्कीम के नाम पर बड़ा घोटाला होने जा रहा है। 22 अक्टूबर को एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उच्च अधिकारी बहादुरगढ़ के किसी बड़े ट्रांसपोर्टर से 200 बसें हायर कर किलोमीटर स्कीम पर चलाने की बातें कर रहे हैं। सीएम मनोहर लाल इस वीडियो की जांच कराएं।