{"_id":"5eaad6e5b8b79e2a7965bc60","slug":"haryana-government-orders-cbi-probe-in-death-of-food-supply-inspector-of-kurukshetra","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुरुक्षेत्र के खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर की मौत की सीबीआई जांच होगी, सीएम मनोहर लाल ने दिए आदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुरुक्षेत्र के खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर की मौत की सीबीआई जांच होगी, सीएम मनोहर लाल ने दिए आदेश
Thu, 30 Apr 2020 07:20 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Thu, 30 Apr 2020 07:20 PM IST
विज्ञापन
सीएम मनोहर लाल (फाइल फोटो)
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में तैनात खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर की आत्महत्या मामले की सीबीआई जांच होगी। सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को जांच सौंपने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वदलीय बैठक के बाद सीबीआई जांच के आदेश जारी कर दिए। गुरुवार को कोरोना से निपटने के लिए बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में इंस्पेक्टर आशीष डांगी की मौत का मामला भी उठा।
विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व इनेलो विधायक अभय चौटाला पहले ही इसकी मांग कर चुके थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई बैठक में उन्होंने फिर इस मुद्दे को उठाया व सीबीआई जांच की मांग रखी। जिस पर सीएम ने बैठक में शामिल डिप्टी सीएम, गृह मंत्री व अन्य नेताओं की राय जानने के बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला ले लिया।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर आशीष की मौत बीते दिनों जहरीला पदार्थ निगलने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई थी। इंस्पेक्टर डांगी ने एक वीडियो में अपने ही विभाग के एक डीएफएससी और दो इंस्पेक्टरों पर प्रताड़ना समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, कुरुक्षेत्र की मंडी में तैनाती के लिए 50 हजार रुपये देने की बात भी सामने आई है। मृतक इंस्पेक्टर की पत्नी की शिकायत पर विभाग के तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अस्पताल में बनाए गए वीडियो में भी आशीष ने इन तीनों अधिकारियों का नाम लिया है।
विज्ञापन
वित्तीय संकट में कर्ज लेने से संकोच न करे सरकार हुड्डा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वदलीय बैठक में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए लागू किए गए फैसलों व भविष्य में भी सरकार के साथ पूर्ण एकजुटता का आश्वासन देने पर सभी दलों के नेताओं का धन्यवाद किया। लगभग दो घंटे की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और विधायक अभय सिंह चौटाला ने भाग लिया।
बैठक में झज्जर, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद सीमा पर दैनिक यात्रा पर कड़े प्रतिबंध लगाने के निर्णय का सब ने समर्थन किया। हुड्डा ने कहा कि राजकोषीय संकट के तहत कर्ज लेने में सरकार को कोई संकोच नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री विज ने उम्मीद जताई कि अंतरराज्यीय आवागमन पर अंकुश लगाने से हरियाणा जल्द ही कोरोना मुक्त होगा। बैठक में मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी. उमाशंकर इत्यादि अधिकारी मौजूद रहे।