साइबर ठगी का नया तरीका: बिजली कनेक्शन काटने के भेजे जा रहे संदेश, लिंक पर क्लिक करते ही कट रहे पैसे
बिजली निगमों की ओर से उपभोक्ताओं को सतर्क करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। निगम का कहना है कि इस तरह का कोई भी मैसेज उपभोक्ता को नहीं भेजते और न ही किसी उपभोक्ता को बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी देते हैं। न ही किसी भी नंबर पर संपर्क करने को कहते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका निकाला है। बिजली उपभोक्ताओं को बिल न भरने पर कनेक्शन काटे जाने के चेतावनी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन पर क्लिक करते ही उनके खातों से पैसे कट रहे हैं। हरियाणा सरकार ने इसको लेकर एडवाइजरी जारी कर साइबर ठगों से सावधान रहने की हिदायत दी है।
लोगों को नए तरीके से फांसने की कोशिशों के तहत इन दिनों साइबर ठगों द्वारा बहुत से बिजली उपभोक्ताओं के पास मोबाइल पर एक मैसेज आ रहा है कि आपका बिजली का बिल बकाया है। इस एवज में आपका कनेक्शन काट दिया जाएगा। इतना ही नहीं बाकायदा कनेक्शन काटने का समय भी बताया जा रहा है कि आज रात कनेक्शन कटेगा। बाद में एक नंबर भेजा जा रहा है और उस पर बात करने की सलाह दी जा रही है। काफी उपभोक्ता मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करके पूछते हैं कि ऐसा क्यों होगा तो बात करने पर ठगी का पता चलता है।
निगम ने चलाया जागरूकता अभियान
बिजली निगमों की ओर से उपभोक्ताओं को सतर्क करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। निगम का कहना है कि इस तरह का कोई भी मैसेज उपभोक्ता को नहीं भेजते और न ही किसी उपभोक्ता को बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी देते हैं। न ही किसी भी नंबर पर संपर्क करने को कहते हैं।
बिजली निगम द्वारा बिल के बनते ही उपभोक्ता को ईमेल पर बिल और रजिस्टर्ड मोबाइल पर मैसेज भेजा जाता है। बिल भरने की तिथि से पहले और बाद में उसके बिल बकाया होने के बारे में मैसेज देता है। बिजली निगम के मैसेज में उपभोक्ता का खाता नंबर और बकाया राशि भी लिखी होती है। यह सभी मैसेज अधिकृत निगम आईडी द्वारा प्रेषित किए जाते हैं। उपभोक्ता अपने बिल को ऑनलाइन देखने और ऑनलाइन भुगतान के लिए बिजली वितरण निगम की वेबसाइट का ही प्रयोग करें। अगर कोई शंका है तो बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-4334 पर संपर्क कर सकता है।
प्रदेश के सभी बिजली उपभोक्ता ठगों से सतर्क रहें, क्योंकि आजकल फर्जी संदेश से उपभोक्ता के साथ साइबर फ्रॉड होने की जानकारी मिल रही है। इस तरह के लिंक को क्लिक न करें और साइबर अपराधों से सावधान रहें। यदि किसी के साठ ठगी होती है तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। -रणजीत सिंह चौटाला, बिजली मंत्री।