मोदी के बजट पर टीम मनोहर लाल में उत्साह की लहर, चुनाव प्रचार में बनाएगी आधार
केंद्र सरकार के अंतरित बजट में की गई घोषणाओं से हरियाणा के मुख्यमंत्री और उनकी टीम बेहद गदगद है। प्रदेश सरकार अब इस बजट को आगामी लोकसभा चुनावों में प्रचार का मजबूत आधार बनाएगी। मतदाताओं के पास जाकर भाजपा के कार्यकर्ता इस बजट के आधार पर फिर से भाजपा के लिए उत्साह से वोट मांगेंगे।
उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल द्वारा प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट 2019-20 को एक विकासोन्मुखी बजट बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। यह बजट गरीबों के हित, किसानों के हित के साथ-साथ आम आदमी के पक्ष का है और देश को विकास की नई गति देगा।
सीएम ने कहा कि बजट में हरियाणा में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने की घोषणा की गई है जिसके लिए वे केन्द्र सरकार का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह देश का 22वां एम्स होगा। हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि यह बजट नया भारत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत बहुत मजबूती से विकास के रास्ते पर चल रहा है।
आर्थिक सुधारों के बाद सबसे ज्यादा जीडीपी ग्रोथ हुई और राजकोषीय घाटे पर लगाम लगी है। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने केंद्रीय बजट को महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ाया गया एक कदम बताते हुए कहा है कि महिला कर्मचारियों की मातृत्व अवकाश बढ़ाकर 26 सप्ताह किया है जो महिला कर्मचारियों के लिए वरदान साबित होगा। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भी तीन हजार रुपये सालाना देने की बात बजट में कही गई है जो एक सराहनीय कदम है।
हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने इस बजट को राकेट बजट करार देते हुए कहा कि बजट ने विपक्ष की बोलती पूरी तरह से बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि बजट देश के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है जो देश को राकेट की स्पीड से आगे लेकर जाएगा। शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने किसान और गरीब हितैषी बजट पेश करने के लिये देश के अंतरिम केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल की सराहना की।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश धनखड़ ने छोटे व मंझोले किसानों के लिए हर वर्ष छह हजार रुपये उपलब्ध करवाने की बात पहली बार किसी बजट में कही गई है। इस प्रकार से यह बजट स्वामीनाथन प्लस बजट है। सहकारिता राज्य मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किये गए बजट-2019 को हर वर्ग के लिए राहत देने वाला बताया है।