हरियाणा : किसानों ने दुष्यंत चौटाला का किया घेराव, दो घंटे एयरपोर्ट से निकलने का नहीं मिला मौका, हेलीकॉप्टर से भरी उड़ान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसानों के घेराव के कारण गुरुवार को हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सवा दो घंटे तक एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकल पाए। कड़ी सुरक्षा के बावजूद डिप्टी सीएम सड़क मार्ग से शहर में प्रवेश नहीं कर सके। इस कारण उन्हें कई कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े। बाद में उन्होंने हेलीकॉप्टर से हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय तक उड़ान भरी और वहां से लघु सचिवालय और दो अन्य स्थानों पर ही जा पाए।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के शहर में आने की सूचना पर गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में किसान काले झंडे लेकर सुबह 10:30 बजे से एयरपोर्ट के बाहर जुटना शुरू हो गए। प्रदर्शन करने वालों में महिलाएं भी शामिल रहीं। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही रोक दिया।
आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:30 बजे एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट पर बैठक के बाद उन्हें अनाजमंडी में फसल खरीद कार्य का शुभारंभ करना था। किसानों के घेराव के कारण उपमुख्यमंत्री एयरपोर्ट से बाहर ही नहीं निकल पाए।
एयरपोर्ट से एचएयू तक भरनी पड़ी उड़ान
दोपहर 3:00 बजे दुष्यंत ने एयरपोर्ट से एचएयू तक उड़ान भरी और वहां से कच्चे रास्तों से वाहन पर बाहर निकले। उधर, दुष्यंत के एयरपोर्ट से निकलते ही किसान भी उनके अर्बन एस्टेट स्थित आवास की ओर चले गए। डिप्टी सीएम लघु सचिवालय फिर आजाद नगर और सेक्टर 13 में ही जा पाए।
लघु सचिवालय में उन्होंने जिले की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अदालत परिसर में लिफ्ट का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ने आनन-फानन कार्यक्रमों को निपटाकर शाम 5:09 बजे गुरुग्राम के लिए उड़ान भरी। उन्हें अनाज मंडी में फसल खरीद शुभारंभ, संत नगर में सांत्वना कार्यक्रम और अर्बन एस्टेट स्थित आवास पर जनसमस्याएं सुनने के कार्यक्रम रद्द करने पड़े।
किसान नेता लखा और गुरप्रीत समेत 50 अज्ञात पर केस
उधर, सिरसा में होली के दिन डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आवास पर नारेबाजी करने वाले किसानों के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस में मामला दर्ज किया है। इस मामले में किसान नेता लखविंद्र सिंह लखा व गुरप्रीत सिंह समेत 50 अज्ञात किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ ध्वनि प्रदूषण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते सोमवार को होली के मौके पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आवास पर जजपा कार्यकर्ता लड्डू बांट रहे थे। इससे नाराज होकर कुछ किसान डिप्टी सीएम के आवास के बाहर पहुंचे और नारेबाजी कर दी। इनकी जजपा कार्यकर्ताओं के साथ नोकझोंक भी हुई थी। इस दौरान किसानों ने आवास के बाहर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद एएसआई सत्यानारायण की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया है।