फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Haryana Congress Meeting at Chandigarh

गुटबाजी तो कांग्रेस में रहेगी, भाजपा में भी मनोहर के खिलाफ विज और दूसरे नेता: विवेक बंसल

Thu, 17 Sep 2020 01:16 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Thu, 17 Sep 2020 01:16 PM IST
सार

  • नए कांग्रेस प्रभारी बोले- संघर्षशील, प्रतिभावान कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठन में स्थान
  • संगठन विस्तार प्राथमिकता, न्यूनतम स्तर पर होगी गुटबाजी, संगठन न होने पर अनेक नेताओं पर रखी अपनी बात

विज्ञापन
Haryana Congress Meeting at Chandigarh
बैठक में हिस्सा लेते कांग्रेस नेता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी पर नए राज्य प्रभारी ने मुहर लगा दी है। प्रभारी नियुक्त होने के बाद गुरुवार को पहली बार चंडीगढ़ पहुंचे विवेक बंसल ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गुटबाजी तो कांग्रेस में रहेगी, हर गतिशील संगठन में यह होती है।

विज्ञापन


भाजपा में भी मनोहर लाल के खिलाफ अनिल विज और दूसरे नेता हैं। कांग्रेस में अब गुटबाजी न्यूनतम स्तर पर दिखेगी। गुटबाजी को लक्ष्य में बाधक नहीं बनने दिया जाएगा। निष्पक्षता के आधार पर काम करेंगे। संगठन सर्वोपरि होगा। केंद्रीय नेतृत्व में सबकी गहरी आस्था है, इसलिए सबका लक्ष्य कांग्रेस को मजबूत करना है।
विज्ञापन


बंसल ने कहा कि संगठन का विस्तार जल्दी किया जाएगा। संघर्षशील व प्रतिभावान कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह मिलेगी। सबसे बातचीत कर ही संगठन का विस्तार होगा। सभी का उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना है। इसलिए कम समय में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी गठित कर लेंगे। उनके संज्ञान में लाया गया है कि खंड व जिला स्तर पर भी पद खाली पड़े हैं। उन्हें भी भरेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रदेश कांग्रेस की बागडोर मजबूत हाथों में है और कार्यकर्ता जुझारु हैं। प्रेस वार्ता से पहले बंसल ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, पिछले विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पार्टी के उम्मीदवारों, अग्रणी संगठनों व विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौ. फूलचंद मुलाना, चौ. धर्मपाल सिंह मलिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव आशीष दुआ व वीरेंद्र राठौड़ ने भी भाग लिया।

जनविरोधी नीतियों के खिलाफ छेड़ेंगे आंदोलन: बंसल

बंसल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में एनडीए सरकार और हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार के कुशासन और जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार जनांदोलन करेगी। केंद्र ने तीन कृषि अध्यादेश लाकर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों को तबाह करनें का जो मंसूबा बनाया है उसका कांग्रेस पार्टी डटकर विरोध करेगी। 

मोदी सरकार ने पहले नोटबंदी और फिर जीएसटी जैसे गलत फैसले किए। आज देश का युवा बिल्कुल दिशाहीन है और उनका भविष्य मोदी सरकार ने अंधकारमय कर दिया है। कोरोना का कुशल प्रबंधन हो सकता था। कुप्रबंधन से अर्थव्यवस्था तबाह हुई। पीएम नरेंद्र मोदी चीन की दादागिरी पर चुप क्यों हैं।

सोनिया, राहुल के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास का प्रस्ताव पास
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने प्रस्ताव रखा कि हरियाणा कांग्रेस सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास रखती है और उनके दिशा-निर्देश में निष्ठापूर्वक कार्यरत रहेगी। इसका सभी ने दोनों हाथ उठाकर समर्थन किया। सैलजा ने कहा कि विपक्ष के किसी भी नेता ने मोदी सरकार के विरुद्ध आवाज नहीं उठाई, अकेले राहुल गांधी ही ऐसे नेता हैं जो मोदी सरकार की जन-विरोधी नीतियों और कुशासन के विरुद्ध डटकर आवाज उठा रहे हैं।

विवेक बंसल के दिशा-निर्देश में पार्टी संगठन जल्दी बना दिया जाएगा। प्रदेश में संगठन नहीं है, अब समय आ गया है कि इसलिए सभी मिलकर संगठन बनाने की ओर बढ़ें। उन लोगों को आगे बढ़ाया जाए जो पार्टी का काम करने का जज्बा रखते हों। सरकार का संवाद में विश्वास नहीं, बोलने वालों को लाठी मिल रही।

हुड्डा ने नए सदस्य न बनाने पर उठाए सवाल, किसान हित में भरी हुंकार

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब नए सदस्य ही नहीं बनेंगे तो संगठन कैसे मजबूत होगा। राज्य स्तर से ब्लॉक तक संगठन नहीं है। बंसल ने सबको सुना है, जल्दी विस्तार की उम्मीद है। एकजुट होकर जनता की लड़ाई लड़ेंगे। जिस दिन तीन कृषि अध्यादेश को सरकार ने कानून बनाकर लागू किया, उसी दिन पीपली में दस लाख लोगों को एकत्रित कर आंदोलन का बिगुल फूंक देंगे। सरकार में पहले से खटपट चल रही है, उसे आंदोलन चलाकर चलता करेंगे। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को 12 बजे राज्यपाल से भेंट कर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करेगा ताकि केंद्र के तीन कृषि अध्यादेशों को निरस्त किया जा सके।

एकजुट होकर करें कृषि अध्यादेश का विरोध : सुरजेवाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि एनडीए सरकार तीन कृषि अध्यादेश लाकर अनुचित रवैया अपना रही है। नोटबंदी और लॉकडाउन गलत ढंग से लागू करने के कारण देश की अर्थव्यवस्था तबाह हो चुकी है। युवा और मजदूर बेरोजगार हो गए हैं और अब इन अध्यादेशों से किसान, मजदूर और व्यापारी तबाह हो जाएंगे। कांग्रेसजन एकजुट होकर गलत नीतियों का विरोध करें।

सुरजेवाला बोले- कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टचार का अड्डा बना

बैठक में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 'युवाओं को रोजगार दो' की मुहिम को लेकर एक बार फिर हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। इसलिए पांच-पांच सालों से नतीजे घोषित नहीं किए जा रहे हैं। यदि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की औलाद होती तो उन्हें पता चलता कि जब एक पढ़ा लिखा बच्चा घर बैठा होता है तो उसके मां-बाप के दिल पर क्या बीतती है।

सरकार ने नौकरियों पर ग्रहण लगा दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सत्ता का आनंद ले रहे हैं। वही प्रदेश की बेरोजगारी दर बढ़कर 34 फीसदी हो गई है। युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यदि हरियाणा की सरकार हकीकत में युवाओं की हितैषी है तो अगले एक हीने में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन और पब्लिक सर्विस कमीशन के सभी परीक्षा परिणामों को घोषित कर दे और नई भर्तियों पर लगी रोक को भी हटा ले।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed