Haryana: पहलवानों के प्रदर्शन पर बोले हरियाणा के सीएम, हर मुद्दे की गंभीरता से होगी जांच
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हमारी महिला एथलीटों की सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है और हम इसे गंभीरता से लेते हैं। हम उनका मनोबल कम नहीं होने देंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण सिंह पर खिलाड़ियों को आरोपों के बाद विपक्ष हमलावर हुआ है। हालांकि पहले से हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर लगे आरोपों से घिरी भाजपा सरकार के दिग्गज नेता काफी संभल कर बयान दे रहे हैं। जहां भाजपा के विरोधी राजनीतिक दलों के दिग्गज सरकार को घेरने में लगे हैं, वहीं हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने काफी सधे हुए बयान में कहा है कि खिलाड़ियों की मांगों को लेकर भाजपा सरकार गंभीर है। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने इस संबंध में भारतीय कुश्ती संघ से 72 घंटों में जवाब तलब किया है। उन्होंने कहा कि 72 घंटे में सरकार सब ठीक कर देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक कार्य कर रही है। ताजा मामले के संबंध में केंद्र की ओर से राज्य सरकार को कोई विषय रेफर किया जाएगा तो उसका संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले ऐसी कोई शिकायत नहीं आई थी, कल खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बाद ही जानकारी मिली है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी खिलाड़ियों के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने कहा खिलाड़ियों ने सदा भारत का मान बढ़ाया है। हुड्डा ने केंद्र सरकार से कुश्ती महासंघ को भंग करके निष्पक्ष जांच कराने को कहा। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में हरियाणा सरकार की चुप्पी बेहद आपत्तिजनक है।
सैलजा ने सरकार पर उठाए सवाल
सांसद कुमारी सैलजा ने भी खिलाड़ियों के शोषण पर सरकार की चुप्पी की निंदा की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा की धरती से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाले अब चुप क्यों ? सैलजा ने आरोप लगाया कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष व हरियाणा के आरोपी खेल राज्य मंत्री को भाजपा सरकार बचा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और तब तक तमाम पीड़ित महिला पहलवानों को केंद्रीय बलों की सुरक्षा मिलनी चाहिए, क्योंकि शोषण के आरोपों की वजह से उन्हें जान का खतरा पैदा हो सकता है।
सीबीआई से कराई जाए जांच: दीपेंद्र
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने खिलाड़ियों द्वारा कुश्ती महासंघ के अधिकारियों पर लगाए गए संगीन आरोपों की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ को भंग करने और आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की।
जजपा खिलाड़ियों के साथ: दिग्विजय
जजपा के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने पहलवानों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर खिलाड़ियों के साथ गलत हुआ है तो उन्हें न्याय दिया जाए। जजपा पूरी तरह से खिलाड़ियों के साथ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और खिलाड़ियों की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।
आप की लीगल टीम खिलाड़ियों की मदद को तैयार: ढांडा
आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित खिलाड़ियों के समर्थन में खड़ी है। खिलाड़ियों द्वारा जान का खतरा बताना देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह को अध्यक्ष पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है। आम आदमी पार्टी की लीगल टीम भी खिलाड़ियों की मदद के लिए तैयार है।