पांच साल में हुड्डा की बढ़ी पौने दो करोड़ की संपत्ति, फिर भी पत्नी अमीर, हुड्डा पर 13 लाख कर्ज भी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रॉपर्टी पांच साल में पौने दो करोड़ रुपये बढ़ गई है। फिर भी उनकी पत्नी आशा हुड्डा उनसे ज्यादा अमीर हैं, जिनके पास एक करोड़ रुपये का सोना और 50 लाख के हीरे हैं। विधानसभा चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सांपला स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे और गढ़ी सांपला-किलोई हलके से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर उनकी पत्नी आशा हुड्डा ने नामांकन दाखिल किया।
पूर्व सीएम की तरफ से नामांकन पत्र के साथ दिए गए संपत्ति के ब्योरे में बताया गया है कि पूर्व सीएम हुड्डा के पास ढाई करोड़ की चल संपत्ति है। इसमें 57 लाख का सोना व 10 लाख रुपये की चांदी भी शामिल है, जबकि पांच साल पहले 2014 में हुड्डा के पास डेढ़ करोड़ रुपये की चल संपत्ति थी। वहीं, हुड्डा के पास फिलहाल 4 करोड़ 73 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
इसमें पौने तीन करोड़ की संपत्ति उन्होंने खुद अर्जित की है। इसमें उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, रोहतक में जमीन और दो दुकानें शामिल हैं। पांच साल पहले उनके पास 4 करोड़ 5 लाख रुपये की ही अचल संपत्ति थी। वहीं, उनकी पत्नी आशा हुड्डा के पास 2019 में 4 करोड़ 91 लाख की चल संपत्ति है, जिसमें एक करोड़ से ज्यादा का सोना और 50 लाख के जेवरात भी शामिल हैं। इसके अलावा 5 करोड़ 53 लाख की अचल संपत्ति है। इसमें दिल्ली में दो एकड़ जमीन भी शामिल है। साथ ही रोहतक में 62 लाख की कॉमर्शियल दुकान है।
हुड्डा के खिलाफ सात केस दर्ज, चार की सीबीआई कर रही जांच
शपथ पत्र में पूर्व सीएम हुड्डा की ओर से ब्योरा दिया गया है कि उनके खिलाफ सात मामले दर्ज हैं। इन दर्ज मामलों चार की चंडीगढ़ व दिल्ली की सीबीआई जांच कर रही है। किसी भी मामले में अभी अदालत का फैसला नहीं आया है। वहीं, पूर्व सीएम के पास एक रिवॉल्वर और राइफल भी है। हुड्डा ने विधानसभा से वाहन लोन भी ले रखा है, जिसका 13 लाख 20 हजार रुपये बकाया है।
हुड्डा बोले, प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार, 10 साल के विकास कार्यों पर मांगूंगा वोट
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नामांकन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया कि इस बार बीजेपी 75 पार नहीं, सत्ता से बाहर है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस सरकार के 10 साल के दौरान हुए विकास कार्यों को लेकर वे जनता के बीच जाएंगे। बीजेपी सरकार ने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया।
आज हर वर्ग परेशान है। इस मौके पर उनके साथ पूर्व सांसद व उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा, महम के निवर्तमान विधायक आनंद दांगी, कलानौर से विधायक शकुंतला खटक और पूर्व सांसद शादीलाल बतरा भी मौजूद रहे।