Haryana News: कृषि मंत्री जेपी दलाल बोले- हमने पंजाब से SYL का पानी मांगा था... पराली का धुआं नहीं
दलाल ने कहा, हमने उनसे एसवाईएल का पानी मांगा था, न कि पराली का धुआं जो हमारे शहरों और कस्बों में फैल रहा है। कृषि मंत्री ने पराली जलाने से रोकने के लिए राज्य की भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कृषि अवशेष नहीं जलाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
विस्तार
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आप नेता पराली जलाने की समस्या का समाधान खोजने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं, जिसके कारण हरियाणा के शहरों और कस्बों में भी धुआं फैल रहा है।
दलाल ने कहा कि प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के कारण दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में स्थिति गंभीर है। दिल्ली-एनसीआर को रहने लायक नहीं छोड़ा है। स्कूलों को बंद करने, वाहनों के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने, कार्यालयों को बंद करने का विकल्प बचा है। यह भी संभव है कि अरविंद केजरीवाल लोगों को दिल्ली खाली करने के लिए कहें।
उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल की आदत सभी समस्याओं के लिए बीजेपी और नरेंद्र मोदी को दोष देना है, लेकिन कमियां उनके भीतर हैं। दिल्ली को उनके जैसे नेता की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली में आप नेताओं को अपने-अपने राज्यों की समस्याओं का समाधान खुद खोजना चाहिए।
दलाल ने कहा, यह सही इरादे, सही नीति और प्रबंधन का मामला है। दिल्ली और पंजाब में आप नेताओं के पास ये नहीं हैं। केजरीवाल केवल राजनीति करने में व्यस्त हैं। वह पिछले कई सालों से दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने इतने सालों में (प्रदूषण पर) क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पड़ोसी पंजाब में पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का असर हरियाणा पर भी पड़ रहा है।
दलाल ने कहा, हमने उनसे एसवाईएल का पानी मांगा था, न कि पराली का धुआं जो हमारे शहरों और कस्बों में फैल रहा है। कृषि मंत्री ने पराली जलाने से रोकने के लिए राज्य की भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कृषि अवशेष नहीं जलाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
इस बार 30 फीसदी कम हैं पराली जलाने के मामले
उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस साल पराली जलाने के मामले पिछले साल की तुलना में 30 फीसदी कम हैं। दलाल ने कहा कि पहले अरविंद केजरीवाल कहते थे कि अगर आप पंजाब में सत्ता में आई तो वह ऐसी व्यवस्था करेंगे कि खेत में आग की घटना न हो। अब, वे कहते हैं कि केवल छह महीने हुए हैं और उन्हें और समय चाहिए।