पंजाब चुनाव: आप जल्द करेगी मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा, हरपाल सिंह चीमा बोले- जनता कांग्रेस के हर झूठ का मुंहतोड़ जवाब देगी
पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे ज्यादा प्रत्याशियों का एलान कर चुकी है। पार्टी अब जल्द ही सीएम चेहरे का भी एलान करेगी। यह दावा आप नेता हरपाल सिंह चीमा ने किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है। चीमा ने पार्टी के मोहाली में हुए एक कार्यक्रम में कहा कि आप जल्द ही अपने मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा करेगी। चीमा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से झूठे विज्ञापन पर करदाताओं की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये बर्बाद किए जा रहे हैं।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग 14 फरवरी को कांग्रेस के हर झूठ का मुंहतोड़ जवाब देंगे। पंजाबियों को शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिल्कुल भी पसंद नहीं है, क्योंकि उन्होंने अपने पिछले शासन के दौरान राजनीतिक एजेंडे के लिए पंजाब के मतदाताओं को बांटने के लिए बेअदबी की घटनाओं का इस्तेमाल किया है। 1986 में नकोदर और 2015 में बरगाड़ी में हुई बेअदबी की घटनाएं इसके उदाहरण हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा टिकट बंटवारे में डबल डीलिंग के आरोपों को खारिज करते हुए चीमा ने कहा कि राजनीति में कुछ लोगों का निजी और स्वार्थी एजेंडा होता है। जब उनकी योजना विफल हो जाती है तो वे दोषारोपण शुरू कर देते हैं। चीमा ने दावा किया कि आप ने अपने कोर वालंटियरों को 80 फीसदी टिकट दिए हैं और ऐसा करने वाली आप एकमात्र पार्टी है। आप चुनाव आयोग के सभी निर्देशों और कोविड से संबंधित दिशानिर्देशों का पालन करेगी क्योंकि आप के लिए लोगों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान दूसरे दलों से पार्टी में शामिल हुए कई नेताओं को चीमा ने आप की सदस्यता दिलाई।
आप में टिकटों को लेकर शुरू हुई बगावत
आप के यूथ विंग मोहाली ने टिकटों के आवंटन को लेकर बगावत शुरू कर दी है। विंग के जिला अध्यक्ष गुरतेज सिंह पन्नू ने सोमवार को कहा कि यह दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के इशारे पर किया जा रहा है। हर बार पार्टी बदलने वाले लोगों को आप के टिकट करोड़ों रुपये में बिक रहे हैं। यह सब कुछ पार्टी प्रमुख केजरीवाल के पाखंड को उजागर करता है।
पन्नू ने कहा कि हमारे पास 56 विधानसभा क्षेत्रों की एक सूची है, जहां कांग्रेस और अकाली दल जैसी पार्टियों से आप में शामिल होने वाले राजनीतिक नेताओं को उनके समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं की कीमत पर केवल 1-2 दिनों में टिकट दिया गया है। वहीं जिन लोगों ने पार्टी के लिए अपना खून और पसीना बहाया है, उनको पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है।
टिकट वितरण में पूरी तरह से पैसे का बोलबाला है। यह सब मोहाली के उदाहरण से स्पष्ट है, जहां एक रियल एस्टेट डेवलपर को कुछ दिन पहले ही पार्टी में आने के बाद मोहाली से टिकट दे दिया गया है। पन्नू ने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले पार्टी में आने वाले लोगों को पहल देते हुए मोहाली और अन्य स्थानों में मेहनती पार्टी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी क्यों की गई। पार्टी को इसका स्पष्टीकरण देना होगा।