अधिकारी ने समझाया गुड टच, बैड टच, छात्राएं बोलीं- कंप्यूटर टीचर, लैब सहायक करते हैं छेड़छाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में बताने आईं बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव के सामने छात्राओं ने अपने साथ शारीरिक शोषण होने का आरोप लगाया। छात्राओं ने अधिकारी से कहा कि वे खुले तौर पर उन्हें नहीं बताएंगी, बंद कमरे में जानकारी देंगी।
इसके बाद अधिकारी सुनीता यादव ने छात्राओं के साथ बंद कमरे में बातचीत की। जब छात्राओं की बात सुनी तो खुद अधिकारी हैरान रह गईं। छात्राओं ने कंप्यूटर टीचर और लैब सहायक पर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए। वहीं देर शाम आदमपुर थाना पुलिस ने बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव के बयान पर लैब सहायक व दो अध्यापकों पर पोक्सो और जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।
आदमपुर थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर दी रिपोर्ट
छात्राओं से बातचीत के बाद बाल संरक्षण अधिकारी ने आदमपुर थाना प्रभारी रमेश कुमार को फोन पर सूचना देकर स्कूल में ही बुला लिया। उन्होंने थाना प्रभारी को छात्राओं के बयान लेकर मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारी सुनीता यादव ने आदमपुर थाने पहुंचकर भी देर शाम तक मामले में कागजी कार्रवाई पूरी करवाई।
गलत हरकत करें तो तुरंत शिकायत दें: सुनीता यादव
बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव ने राजकीय उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम की पूरी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति उनके साथ गलत हरकत करें तो तुरंत इसका विरोध करते हुए शिकायत दर्ज करवाएं। संविधान में बच्चों के अधिकारों के लिए कई कानून बनाए गए हैं।
क्षेत्र के एक राजकीय उच्च विद्यालय में कुछ छात्राओं ने विद्यालय के लैब सहायक और कंप्यूटर टीचर पर उनके साथ छेड़छाड़ व शोषण करने के आरोप लगाए हैं। इस बारे में पुलिस को जानकारी दे दी गई है, उचित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। - सुनीता यादव, बाल संरक्षण अधिकारी
बाल संरक्षण अधिकारी सुनीता यादव के बयान पर लैब सहायक और दो अध्यापकों के खिलाफ पोक्सो और जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। -रमेश कुमार, प्रभारी आदमपुर थाना