हरियाणाः ग्रामीण रूटों पर नहीं चल रहीं रोडवेज बसें, स्कूल-कॉलेज भी नहीं जा पा रही बेटियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों का फरमान ग्रामीण आंचल के बांशिदों पर भारी पड़ रहा है। गांवों में बसों का रात्रि ठहराव व आवागमन बंद होने के बाद लगभग 1500 बसें रात में अपनी सेवाएं नहीं दे रहीं। ये बसें दिन ढलने के बाद गंतव्य स्थलों के लिए रवाना होती थीं और रात में गांव में ही रुकती थी। वर्तमान में रोडवेज बेड़े की 3569 बसें सेवाएं देती हैं, जिनमें से 45 से 50 फीसदी बसें ग्रामीण क्षेत्रों की लाइफलाइन है।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य इंद्र सिंह बधाना, विरेंद्र सिंह धनखड़, दलबीर किरमारा, सरबत पूनिया, हरिनारायण शर्मा, बलवान सिंह दोदवा, पहल सिंह तंवर ने कहा कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। 18 दिन की हड़ताल में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने रोडवेज कर्मियों का साथ दिया था। इसके चलते रात्रि ठहराव व सेवाएं बंद की गई हैं। यह तुगलकी फरमान है। छात्रों, कोर्ट-कचहरी और नौकरी पेशा लोगों को सुबह व शाम के समय आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीण रूटों पर रात्रि ठहराव बंद होने के कारण छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत बेटियों के लिए सुविधा उपलब्ध करवाने के हरियाणा सरकार के दावों की पोल खुल गई है। रोडवेज कर्मचारियों का ओवरटाइम बंद करने के लिए की गई यह व्यवस्था बेटियों के स्कूल-कॉलेज में पहुंचने में सबसे बड़ी बाधा बन रही है। गांवों से छात्राएं किसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था कर शिक्षण संस्थान तक पहुंच रही हैं। बस पास बने होने के बावजूद भी उन्हें जेब से अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ रहा है।
प्रदेश सरकार ने ओवरटाइम खत्म कर तय किया है कि रोडवेज ड्राइवर-कंडक्टर सप्ताह में सिर्फ आठ घंटे काम करेंगे। लंबी दूरी की बसों के ड्राइवर-कंडक्टरों को 48 घंटे की ड्यूटी के बाद अवकाश पर भेजने की व्यवस्था की गई है। वहीं लोकल रूट पर नियमित रूप से आठ घंटे की ड्यूटी करवाई जाएगी। इस हिसाब से प्रदेशभर में ड्राइवरों-कंडक्टरों की संख्या बसों के रोटेशन के हिसाब से कम हो गई है। नई व्यवस्था के कारण अकेले रोहतक जिले में रविवार तक 15 गांवों में रोडवेज ने बसों का रात्रि ठहराव बंद कर दिया है। 25 और गांवों में रात्रि ठहराव बंद करने की तैयारी है।
रेवाड़ी-नारनौल समेत सभी जिलों के गांवों से आकर शहर में पढ़ने वाले विद्यार्थी और कर्मचारी बसें न मिलने से सही समय पर संस्थान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। नारनौल के मोखुता, कोरियावास, हसनपुर, मारौली, धानोता और दनचोली आदि गांवों से राजकीय कॉलेज पहुंचने वाली छात्राओं ने कहा कि उनका बस पास बना हुआ है।
रात्रि ठहराव बंद होने से कारण बस ही नहीं मिल रही हैं और उनका यह पास किसी काम का नहीं रह गया है। कॉलेज छात्राओं ने रोडवेज जीएम के नाम सोमवार को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की गुहार लगाई। उधर, रेवाड़ी में समय पर बसें न मिलने से परेशान गांव खंडोड़ा के विद्यार्थियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सरकार ने यह किया था दावा
ग्रामीण अंचल की 60 फीसदी मासिक हाजिरी वाली सभी छात्राएं, जिनके गांव के तीन किमी के दायरे में आठवीं से आगे का स्कूल नहीं हैं छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत पात्र होंगी। बस सुविधा न होने की स्थिति में स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों और अध्यापकों को मिलकर छात्राओं को बस, मिनी बस, कार, कैब, मैक्स, जीप या ऑटो के माध्यम से सुरक्षित स्कूल पहुंचाने-वापस घर ले जाने की व्यवस्था करेंगे। निशुल्क साइकिल योजना वाली छात्राएं फिलहाल इसके लिए पात्र नहीं हैं।