एयर स्ट्राइक पर पूर्व मेजर जनरल जीडी बक्शी का बड़ा बयान, कहा- पाक के पास बचे ये दो विकल्प
हमने पाकिस्तान को साफ कह रखा था कि हम आ रहे हैं और कार्रवाई जरूर करेंगे। दुश्मन भी हाई अलर्ट पर था। इसके बाद भी हमारी वायुसेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंक की तीन फैक्ट्रियों को तबाह कर दिया, जो काबिले तारीफ है। यही नहीं पाकिस्तान हमारे एक भी एयरक्राफ्ट को नुकसान नहीं पहुंचा सका। इसके लिए सबसे पहले वायुसेना को मुबारकबाद पेश करता हूं।
यह बात रिटायर्ड मेजर जनरल जीडी बख्शी ने कही। वह मंगलवार को लुधियाना में थे। बता दें कि मेजर जनरल बख्शी पारिवारिक समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास अब दो ही ऑप्शन हैं। या तो जवाब दे या फिर कुछ नहीं हुआ बोल कर शांत हो जाए। जिस तरह से पाकिस्तान से बयान आ रहे हैं, उससे लगता है कि वह खुद सकते में है। अगर पाकिस्तान कोई जवाबी कार्रवाई करने की हिमाकत करता है तो उसे उसी अंदाज में जवाब देना होगा। क्योंकि अब जैसा को तैसा जवाब देने का समय आ चुका है।
आतंकी आका मसूद था पहले टारगेट
मेजर जनरल जीडी बख्शी के अनुसार मंगलवार की सुबह वायुसेना के 12 एयरक्राफ्ट ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। तीन टारगेट को निशाने पर लिया गया। हर टारगेट को खत्म करने की जिम्मेदारी 4 एयरक्राफ्ट को दी गई। इस कार्रवाई के दौरान जिन हथियारों का इस्तेमाल किया गया है, वह कारगिल युद्ध के समय भी इस्तेमाल किए गए थे।
उस समय भी उन्होंने दुश्मनों को भागने के लिए मजबूर कर दिया था। पहले देश के टारगेट पर आतंकी आका मसूद था, लेकिन पाकिस्तान सेना ने उसे छुपा लिया है। ऐसे में बालाकोट को टारेगट पर लिया गया। जहां मसूद का साला आतंकवादियों को ट्रेनिंग दे रहा था। हमारा यह हमला न्यायपूर्ण था।
इस कार्रवाई के दौरान हम पाकिस्तान सेना को भी टारगेट कर सकते थे। लेकिन हमारी वायुसेना ने ऐसा नहीं किया है। इससे पाकिस्तान यह न समझे कि भारत ऐसा कुछ नहीं कर सकता है।