Chandigarh: सोनू शाह मर्डर केस में लॉरेंस बिश्नोई चंडीगढ़ जिला कोर्ट में पेश, VC से होगी अगली सुनवाई
सोनू शाह की 4 शूटरों ने उसके बुड़ैल स्थित दफ्तर में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चला कर हत्या कर दी थी। उस पर कुल 14 फायर किए गए थे। इस हत्याकांड में शिकायतकर्ता सोनू शाह का भाई प्रवीण शाह था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह हत्याकांड मामले में गुरुवार को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को कड़ी सुरक्षा में जिला अदालत में पेश किया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायधीश जयबीर सिंह की अदालत में मुख्य आरोपी लॉरेंस बिश्नाई समेत अन्य पर आरोप तय किए जाने थे लेकिन दो आरोपियों के पेश न होने पर आरोप तय नहीं हो सके। इसके बाद लॉरेंस को कड़ी सुरक्षा में वापस बठिंडा जेल पहुंचा दिया गया।
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि सभी आरोपियों के एक साथ पेश होने पर ही आरोप तय किए जाएंगे। पेशी के लिए पुलिस प्रशासन संबंधित जेल अथॉरिटी से बातचीत कर कोई एक तिथि तय कर ले। अगली सुनवाई वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए 21 अगस्त को होगी, जिसमें यह तिथि बतानी होगी। बता दें कि 28 सितंबर 2019 में बुड़ैल (सेक्टर-45) में राजवीर सिंह उर्फ सोनू शाह की हत्या हुई थी।
गुरुवार को पंजाब पुलिस की स्वाट टीम, एंटी गैंगस्टर्स टास्क फोर्स और पंजाब पुलिस की विशेष टीम दोपहर करीब पौने दो बजे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को बठिंडा जेल से लेकर चंडीगढ़ जिला अदालत पहुंची। लॉरेंस के साथ मामले में मंजीत, शुभम, राजन उर्फ जाट और दीपक उर्फ रंगा की पेशी हुई लेकिन दिल्ली की मंडोली जेल में बंद अभिषेक उर्फ बंटी और तिहाड़ जेल में बंद राजू बसोदी को पेश नहीं किया जा सका।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी अभिषेक को दिल्ली जेल से लाने के लिए पर्याप्त गारद नहीं थी और तिहाड़ जेल से राजू बसोदी को लाने के लिए संपर्क नहीं हो सका था। मामले में चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी (दक्षिण) ने पेश होकर अदालत में इस संबंध में जवाब दिया।
पेश हुए आरोपियों में से शुभम अभी यमुनानगर की सेंट्रल जेल, अभिषेक दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है। वहीं, राजन हरियाणा की नूंह जेल और मंजीत व दीपक बुड़ैल जेल में बंद हैं। मोहाली सेक्टर-88 स्थित एक होटल का मालिक रहा नयागांव निवासी धर्मेंद्र भी सुनवाई पर पहुंचा था। उस पर सोनू शाह के शूटरों को पनाह देने का आरोप है।
चार अगस्त को पेश हुआ था चालान
सोनू शाह हत्याकांड में चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी दीपक उर्फ रंगा के खिलाफ बीते चार अगस्त को सप्लीमेंट्री चालान पेश किया था। इसके बाद सभी आरोपियों पर नए सिरे से आरोप तय किए जाने थे। ऐसे में मामले की पिछली सुनवाई पर अदालत ने धर्मेंद्र को छोड़ बाकी आरोपियों के गुरुवार के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किए थे। अदालत ने स्पष्ट किया था कि इन्हें वीसी के जरिए पेश न किया जाए। संबंधित जेल सुपरिंटेंडेंट के जरिए वारंट सर्व करवाने के आदेश थे। कहा गया था कि अगर आरोपी पेश नहीं होता है तो संबंधित जेल सुपरिंटेंडेंट को पेश होकर कारण की जानकारी देनी पड़ेगी।
दफ्तर में घुसकर चार शूटरों ने की थी सोनू की हत्या
प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की हत्या बुड़ैल स्थित दफ्तर में घुसकर की गई थी। चार शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर वारदात को अंजाम दिया था। हमले में सोनू शाह के साथी जोगिंदर पहलवान और रोमी घायल हुए थे। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने इस मामले में 15 गवाह रखे थे और हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश रचने समेत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने कुछ आरोपियों के खिलाफ जनवरी 2020 में चालान पेश किया था। इसके बाद मामले में दीपक उर्फ रंगा को छोड़ बाकी पर आरोप तय किए गए थे। अब नए सिरे से आरोप तय होने हैं। रंगा पर सेक्टर-15 में दो छात्रों की हत्या और मोहाली स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर आरपीजी हमले का मामला भी चल रहा है।
बता दें कि प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह का भाई प्रणीण शाह मामले में शिकायतकर्ता है। उस पर भी वर्ष 2020 में हमला हुआ था जिसमें वह बाल-बाल बचा था। इसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा मिली थी। वह हाल ही में चंडीगढ़ पुलिस से जुड़े 1.01 करोड़ फिरौती मामले में नामजद हुआ था और फरार चल रहा है।