चंडीगढ़ में 350 लोगों के साथ धोखा: कमेटी के आठ करोड़ रुपये लेकर महिला फरार, राजवंती को ढूंढ रही पुलिस
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में 350 लोगों के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। एक महिला इन लोगों के कमेटी के आठ करोड़ रुपये लेकर फरार हो गई।
विस्तार
चंडीगढ़ में 350 लोगों के साथ करोड़ों रुपये का फ्रॉड कर एक महिला फरार हो गई। चंडीगढ़ के गांव कजहेड़ी में करीब 350 लोगों से कमेटी के सात से आठ करोड़ रुपये लेकर महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। इसका पता चलते ही स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और थाने में पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-36 पुलिस थाने में आरोपी महिला राजवंती सहित उसके बेटे, बहू व बेटी के खिलाफ बीएनएस एक्ट 318 (4) और 61 (2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में पिंकी, रीना देवी, ज्ञान सिंह, नरेंद्र, विकास कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि कजहेड़ी में पिछले करीब 20 से 25 साल से महिला राजवंती (52) अपने लड़के राजेश, लड़की दीपा व बहू के साथ रहती थी। वह अकसर लोगों की कमेटियां डालने के अलावा लोगों से लाखों रुपये लेकर उन्हें बाद में अधिक ब्याज सहित लौटाने का काम करती थी। इनमें विकास कु़मार ने महिला को करीब सवा करोड़ रुपये, वंदना ठाकुर 60 लाख, ज्ञान सिंह पांच लाख, अंजली 10 लाख, मोहित 25 लाख, पिंकी देवी एक लाख, नरेंद्र कौर 4.60 लाख, गुरप्रीत कौर चार लाख, सुखविंद्र सिंह एक करोड़, जग्गी 1.5 करोड़, सीता देवी एक लाख रुपये, आरती देवी छह लाख, दिनशता 9.30 लाख, प्रभावती 4.50 लाख, ज्योति 3.50 लाख, गुड्डी छह लाख, राजकुमारी 6.50 लाख, रेश्मा 30 लाख, अर्चना नौ लाख, संतोश 1.80 लाख, सुरेश सिंह 9 लाख, प्रीती 4 लाख रुपये दिए हुए थे। इनके अलावा भी अन्य लोगों ने महिला राजवंती को 50 हजार से 10 लाख रुपये नकदी सहित उसके खातों में गूगल पे व अन्य तरीकों से ट्रांसफर किए हुए थे। महिला के पास इन लोगों ने करीब 7 से 8 करोड़ रुपये जमा करवाए थे।दाे साल पहले बेच थी चुकी अपना घर
अब स्थानीय लोगों को पता चला कि महिला राजवंती उनके पैसे लेकर कहीं फरार हो गई है। बीते 23 सितंबर को पहले तो खुद महिला अपना घर छोड़कर चली गई और इसके बाद उसकी बेटी भी तड़के चार बजे घर से चली गई जिसे स्थानीय लोगों ने जाते हुए भी देखा लेकिन तब तक उन्हें नहीं पता था कि वह कहां जा रही है। उसका बेटा व बहू पहले ही घर से जा चुके थे। बीते बुधवार को जब स्थानीय लोग महिला के घर गए तो वहां कोई नहीं मिला। बाद में पता चला कि महिला ने करीब दो साल पहले ही किसी बाहर के व्यक्ति को इस मकान को बेच दिया था और अब वह अपने बेटे, बहू और लड़की के साथ बिना बताए फरार हो गई है। स्थानीय लोगों ने पहले तो गांव में एकत्र होकर नारेबाजी की और बाद में एकत्र होकर थाने में गए।नौकरी के नाम पर सैकड़ों लोगों के साथ हो चुकी है ठगी
शहर में पिछले चार महीने में लोगों के साथ ठगी करने का यह करीब चौथा बड़ा मामला सामने आया है। सबसे पहले सारंगपुर थानाक्षेत्र में करीब 500 लोगों के साथ सरकारी स्कूलों में स्वीपर सहित अन्य पदों पर नौकरी के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला आया था। इसमें पुलिस ने लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ सारंगपुर थाने में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था जबकि दूसरा मामला मलोया थानाक्षेत्र से जुड़ा सामने आया था जिसमें एक ठेकेदार ने करीब 600 लोगों को हार्टिकल्चर विभाग में पैसे लेकर नौकरी पर रखने के लिए 4 से 5 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इसके अलावा नगर निगम के दो कर्मचारियों की ओर से भी हार्टिकल्चर विभाग में नौकरी के नाम पर ठगी की गई थी, जिसमें सेक्टर-17 थाने में केस दर्ज हुआ था।कजहेड़ी निवासी महिला के कई लोगों के 5 से 7 करोड़ रुपये लेकर फरार होने की शिकायत आई है। इसके आधार पर महिला राजवंती, बेटी दीपा व लड़के राजेश के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -गुरजीवन सिंह, जांच अधिकारी व चौकी इंचार्ज