चंडीगढ़। होली के दिन सेक्टर-7 स्थित निक बेकर्स के सामने हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की पत्नी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी अनुज चहल को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान सेक्टर-28 निवासी जतिन, सौरव, अभिषेक और पंचकूला सेक्टर-26 निवासी अनुज चहल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला होली के दिन घर से कुछ सामान लेने बाजार आई थीं। इस दौरान कार सवार युवक उन्हें देखकर इशारे करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर महिला ने पति (रजिस्ट्रार) को बुला लिया। मौके पर पहुंचे पति ने जब आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो बेखौफ मनचलों ने उनके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान अभिषेक ने उनकी पत्नी को थप्पड़ भी मारे। इसके बाद पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। हालांकि पीड़ित ने आरोपियों की कार का नंबर नोट कर लिया था। इसके आधार पर सेक्टर 26 थाना पुलिस ने पीड़िता महिला की शिकायत पर मारपीट, धमकी और छेड़छाड़ करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर सेक्टर-28 निवासी जतिन, सौरभ और अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद मंगलवार को चौथे आरोपी अनुज चहल को भी गिरफ्तार कर लिया।