Punjab News: दो किलो से अधिक हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से आई थी खेप
पंजाब के फिरोजपुर जिले में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो किलो से अधिक हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में डेढ़ किलो हेरोइन के साथ दो तस्करों को दबोचा है। वहीं दूसरे मामले में सिटी पुलिस ने 600 ग्राम हेरोइन की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजपुर में सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर दो तस्करों को डेढ़ किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से आई थी। थाना आरिफके पुलिस ने मंगलवार उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
एसपी (गुप्तचर) रणधीर कुमार ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम गश्त करते गांव गैंदड़ पहुंची। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी गुरप्रीत सिंह निवासी गांव मस्तेके हेरोइन तस्करी करता है। ये लोग हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाते हैं। इस समय गुरप्रीत बाइक से बस्ती राम लाल से गांव गैंदड़ की तरफ आ रहा है। सीआईए स्टाफ ने गांव गैंदड़ के पास नाकाबंदी कर दी। जैसे ही गुरप्रीत वहां पहुंचा उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक किलो 550 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोबाइल व बाइक मिली। पुलिस ने गुरप्रीत से पूछताछ में बताया कि उसके साथ आकाशदीप सिंह निवासी बस्ती भाने वाली, थाना आरिफके, जिला फिरोजपुर भी हेरोइन तस्करी करता है। पुलिस ने आकाशदीप को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक उक्त आरोपियों का संबंध पाकिस्तानी तस्करों से हैं। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि इनके बाकी साथियों का सुराग भी लग सके। पुलिस ने गुरप्रीत व आकाशदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
600 ग्राम हेरोइन समेत दो आरोपी काबू
उधर, थाना सिटी पुलिस ने 600 ग्राम हेरोइन समेत दो व्यक्तियों को काबू किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अमरीक सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे। एफएफ रोड से दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई पड़े। पुलिस को देख एकदम घबराकर पीछे मुड़ने लगे तो मोटरसाइकिल समेत नीचे गिर गए।
शक के आधार पर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 600 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरमेज सिंह उर्फ बिट्टू निवासी सवाई के भोखड़ी थाना ममदोट जिला फिरोजपुर और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा निवासी लक्खा सिंह वाला हिठाड़ के तौर पर हुई है।