पंजाबः पराली के धुएं ने उजाड़ दिया परिवार, खड़े ट्रक में घुसी कार, बच्ची समेत चार लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के सुनाम के गांव भवानीगढ़ में शादी समागम में शामिल होने के बाद सुनाम लौट रहे कपड़ा और शैलर कारोबारी की डस्टर गाड़ी सड़क पर खडे़ खराब कैंटर से जा टकराई। हादसा धुएं के कारण हुआ। हादसे में हरीश अदलखा (55) समेत उनकी पत्नी मीना अदलखा (54), बेटे राहुल अदलखा (22) और ढाई वर्षीय पोती मान्या अदलखा की मौत हो गई।
हादसे में डस्टर के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान कपड़ों से की गई। डस्टर को हरीश अदलखा ही चला रहे थे। रात करीब 12 बजे भवानीगढ़ और सुनाम के बीच जब हादसा हुआ तो आवाज सुनकर पास के गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने हरीश अदलखा के मोबाइल से उनके परिजनों को हादसे के बारे में सूचित किया।
वहीं जब लोग मौके पर पहुंचे तो ढाई साल की मान्या की सांसें चल रही थीं। इसके बाद उसे पहले पटियाला फिर चंडीगढ़ ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही पूरे शहर में मातम छा गया। हरीश अदलखा सुनाम में कपडे़ का व्यवसाय करते थे और शैलर व आढ़त के कारोबार से भी जुडे़ हुए थे। भवानीगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बड़ा बेटा और पुत्रवधू नहीं गए थे शादी में
हरीश अदलखा के भतीजे यशपाल ने बताया कि बीमार होने की वजह से उनके चाचा के बडे़ बेटे दीपक अदलखा और उनकी पत्नी शादी समागम में नहीं गए थे। इस हादसे ने घर को ही खाली कर दिया है।
पटियालाः पराली के धुएं में पशु से भिड़ी बाइक, महिला की मौत
समाना-चीका रोड पर पराली जलाने से फैले धुएं कारण बाइक सवार आगे आ रहे लावारिस पशु को देख नहीं पाया और पशु से जा टकराया। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। सिटी समाना पुलिस ने मामले में धारा 174 तहत कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी थानेदार चमकौर सिंह ने बताया कि कुलदीप सिंह (31) निवासी गांव मवीकलां अपनी बहन की सास मूर्ति (61) निवासी गांव सौंदेवाल जिला पटियाला के साथ करहाली साहिब गुरुद्वारा से माथा टेककर सोमवार देर शाम वापस गांव सौंदेवाल जा रहा था।
रास्ते में गांव घियौरा के बस स्टैंड के पास समाना-चीका रोड पर पराली को जलाने कारण फैले धुएं के चलते कुलदीप सिंह सामने से आ रहे लावारिस पशु को देख न सका और उससे जा टकराया। इस हादसे में मूर्ति की मौत हो गई, जबकि कुलदीप सिंह घायल हो गया। कुलदीप को अस्पताल में दाखिल कराया गया।