चार लोगों ने दी जानः लुधियाना में फंदे पर लटका युवक, मानसा में ट्रेन के नीचे आकर दो ने की खुदकुशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शेयर मार्केट में घाटा होने पर हैबोवाल कलां स्थित संत विहार की जंडू कालोनी के रहने वाले रितेश गोयल (30) ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसका चचेरा भाई पड़ोसियों के घर से दीवार फांदकर अंदर गया और शव लटकता देख उसके होश उड़ गए। उसने अपने परिवार वालों को सूचना दी। इसके बाद इसकी जानकारी थाना हैबोवाल पुलिस को भी दी गई।
सूचना पर थाना हैबोवाल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोहन लाल और पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी एएसआई चनन सिंह ने बताया कि रितेश एक निजी कंपनी में अकाउंट्स का काम देखता था। साथ में शेयर मार्केट का भी काम करता था। वह अपने परिवार से अलग पत्नी राधिका के साथ रहता था। उसके दो बेटे भी हैं।
शेयर मार्केट में घाटा होने के कारण वह कुछ दिन से परेशान था। इसी बीच उसकी पत्नी पटियाला स्थित अपने मायके में होने वाले एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए चली गई। दो दिन से रितेश फोन नहीं उठा रहा था। उसका चचेरा भाई शुक्रवार को भी घर आया लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो उसने सोचा कि रितेश कहीं गया होगा। रितेश को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया।
कुछ समय बाद रितेश का फोन बंद हो गया। रितेश के चचेरे भाई ने उसकी पत्नी से पूछा तो उसने बताया कि वह घर ही होगा। उसे कुछ अंदेशा हुआ तो वह शनिवार पड़ोसियों के घर की छत से रितेश के घर में घुसा तो अंदर शव लटकता देख उसके होश उड़ गए। एएसआई चनन सिंह के मुताबिक रितेश ने हो सकता है दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली और बैटरी लो होने के कारण फोन बंद हो गया हो। रितेश के भाई ने ही सभी को फोन कर इसकी जानकारी दी थी।
दो युवकों ने ट्रेन के नीचे आकर की खुदकुशी
मानसा में दो नौजवानों ने ट्रेन के नीचे आकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने अपनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिए हैं। रेलवे पुलिस चौकी मानसा के इंचार्ज एएसआई जगजीत सिंह ने बताया कि नरिंदरपुरा के पास नौजवान अश्वनी कुमार निवासी मानसा व गांव सद्दा सिंह वाला के पास तरसेम सिंह निवासी मानसा ने मालगाड़ी के नीचे आकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति मानसिक तौर पर परेशान थे।
कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या
अबोहर के गांव राजपुरा निवासी व्यक्ति ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चियों का पिता था। गांव के पूर्व पंच व मृतक के चचेरे भाई नसीब सिंह ने बताया कि उसका चचेरा भाई जीत सिंह (35) पुत्र जगसीर सिंह के पास अढ़ाई एकड़ जमीन थी। उस पर करीब नौ लाख रुपये का कर्ज था।
इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहता था और शुक्रवार शाम उसने अपने खेत में स्प्रे पी ली। उसकी हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां रात को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने शनिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक की पत्नी हरप्रीत ने सरकार से मुआवजा देने व बैंक का कर्ज माफ करने की मांग की है। थाना बहाववाला पुलिस ने बताया कि उनके पास इस प्रकार की कोई सूचना नहीं है।