फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Former Union Minister and Congress leader Manish Tiwari defeated BJP candidate Sanjay Tandon by 2504 votes

Chandigarh News: पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन को 2504 वोटों से हराया

Wed, 05 Jun 2024 03:54 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 05 Jun 2024 03:54 AM IST
विज्ञापन
Former Union Minister and Congress leader Manish Tiwari defeated BJP candidate Sanjay Tandon by 2504 votes
चंडीगढ़। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता मनीष तिवारी को चंडीगढ़ियों ने अपना नया सांसद चुन लिया। बेहद कड़े मुकाबले में मनीष तिवारी ने भाजपा के संजय टंडन को 2504 वोटों से मात दी। तिवारी को टंडन ने कड़ी टक्कर दी और वह आखिर तक मैदान में डटे रहे लेकिन आम आदमी पार्टी से गठबंधन के चलते तिवारी चंडीगढ़ सीट पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे। हालांकि मतगणना के बाद नतीजे की घोषणा में पांच घंटे की देरी हुई। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सब्र का बांध भी टूट गया और उन्होंने मतगणना केंद्र के बाहर प्रदर्शन व नारेबाजी भी की। साथ ही बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने की भी कोशिश की। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति संभाल ली। नारेबाजी के बीच शाम करीब 7:30 बजे चुनाव आयोग ने तिवारी को विजयी घोषित कर दिया। मनीष तिवारी को कुल 216657 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के संजय टंडन को 214153 वोट मिले।
विज्ञापन

मंगलवार को सेक्टर-26 स्थित चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले बैलेट पेपर के माध्यम से डाले गए 800 वोटों की गिनती हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) खोली गईं। सुबह करीब 10 बजे पहले राउंड के नतीजे सामने आए, जिसमें कांग्रेस के मनीष तिवारी ने बढ़त बना ली। बढ़त मजह 739 वोटों की थी लेकिन अगले ही राउंड में यह बढ़त 4569 वोटों की हो गई। राउंड के साथ बढ़त भी बढ़ती गई। एक समय ऐसा आया जब मनीष तिवारी, टंडन से 10,485 वोटों से आगे हो गए। हालांकि इसके बाद संजय टंडन को भी बढ़त मिलनी शुरू हुई लेकिन आखिरी राउंड तक तिवारी ने बढ़त बनाए रखी और जीत दर्ज कर ली। मुकाबला इतना नजदीकी और कड़ा था कि पूरे समय कांग्रेसी और भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आईं।
विज्ञापन


17 उम्मीदवारों की जमानत जब्त
तीसरे स्थान पर बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी डॉ. रितु सिंह रहीं। उन्हें 6708 वोट मिले। चौथे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार लखबीर सिंह रहे। उन्हें 2626 वोट मिले। चुनाव में नोटा को 2912 वोट मिले और नोटा चौथे स्थान पर रहा। संजय टंडन को छोड़कर रितु सिंह व अन्य 17 निर्दलीयों उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। बता दें कि भाजपा के टंडन पहली बार बतौर उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे लेकिन उन्हें असफलता हाथ लगी है। वहीं, कांग्रेस के मनीष तिवारी पहले भी दो बार सांसद रह चुके हैं। वह श्री आनंदपुर साहिब से सांसद थे। तिवारी केंद्र में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पांच घंटे तक अटकी रहीं सांसें
चंडीगढ़ सीट की कुल 15 राउंड की मतगणना दोपहर ढाई बजे ही पूरी हो गई थी लेकिन नतीजे की घोषणा 5 की घंटे देरी से हुई। इस दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की सांसे अटकीं रहीं। वह हर कुछ मिनट बाद फोन करके अपडेट लेते रहे। जीत-हार का अंतर महज 2504 वोटों का था इसलिए चिंता ज्यादा थी। जो नेता फूल-मालाएं खरीद चुके थे, वे भी असमंजस में थे। संजय टंडन और मनीष तिवारी मतगणना केंद्र के अंदर ही मौजूद रहे। अंदर भी काफी बहसबाजी हुई और बाहर खूब नारेबाजी हुई। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नतीजा घोषित करने में जानबूझकर देरी की जा रही है। हालांकि बाद में मनीष तिवारी जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही बाहर निकले।

टंडन ने अच्छा चुनाव लड़ा, मिलकर करेंगे चंडीगढ़ का विकास : तिवारी
चुनाव जीतने के बाद मतगणना केंद्र से निकलकर मनीष तिवारी ने सबसे पहले गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस चुनाव को अपना चुनाव समझ कर लड़ा। यह जीत सिर्फ उनकी नहीं है, हर उस कार्यकर्ता की जीत है, जिसने पिछले 45 दिनों से दिन-रात मेहनत की। इसकी वजह से कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। नतीजे घोषित करने में हुई देरी के सवाल पर तिवारी ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में कभी-कभी समय लगता है। रिटर्निंग ऑफिसर और इलेक्शन ऑब्जर्वर ने सहनशीलता और शालीन तरीके से काम लिया। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी संयम से काम लिया। अंत भला तो सब भला। उन्होंने कहा कि प्रतिद्वंदी संजय टंडन को लेकर उनके मन में कोई द्वेष नहीं है। उन्होंने अच्छा चुनाव लड़ा। तिवारी ने कहा कि उनकी नजर में संजय टंडन के लिए काफी आदर है। उम्मीद करते हैं कि वह एक दूसरे के सहयोग से चंडीगढ़ को और ब्यूटीफुल बनाने के लिए काम करेंगे।


मतदाताओं का धन्यवाद, जनता की सेवा करता रहूंगा : टंडन
संजय टंडन ने नतीजे आने के बाद चंडीगढ़वासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्होंने अपना कीमती वोट उनके पक्ष में डाला है और उनमें भरोसा जताया है, उसके लिए वह सदा उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने चुनावों के पहले और चुनावों के दौरान भी लगातार समर्थन देने और हर पाल साथ देने के लिए अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया। कहा कि वह भविष्य में भी शहर के लोगों की सेवा ऐसे ही करते रहेंगे, जैसे वे बीते दो दशकों से कर रहे हैं। टंडन ने भरोसा दिया कि वे हमेशा ही शहर निवासियों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे और उनकी समस्याओं को पहल के आधार पर हल करवाने में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। टंडन ने अपनी पार्टी के हाईकमान का भी धन्यवाद किया। अंत में उन्होंने चंडीगढ़ से सांसद चुने जाने पर मनीष तिवारी को भी बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed