कांग्रेस के पूर्व सांसद भड़ाना ने पहना 'चश्मा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रहे पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने इनेलो का दामन थाम लिया। नई दिल्ली में बुधवार को इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा की मौजूदगी में भड़ाना ने अपने समर्थकों के साथ इनेलो में शामिल होने की घोषणा की।
इनेलो में शामिल होने केबाद भड़ाना ने कहा कि हुड्डा सरकार के घपलों, घोटालों और भ्रष्टाचार व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कार्यप्रणाली को लेकर निरंतर कांग्रेस हाईकमान को शिकायतें देकर अवगत कराया, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व उनके रिश्तेदारों की मिलीभगत से कई घोटाले हुए हैं और इन घोटालों का जल्दी ही पर्दाफाश किया जाएगा। भड़ाना ने हुड्डा पर वोटों की खातिर सिखों को आपस में लड़वाने का भी आरोप लगाया।
भड़ाना ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी उंगली उठाई
भड़ाना ने कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन में चाहे किसी भी राजनीतिक दल में क्यों न रहे हों, लेकिन उन्होंने हमेशा चौधरी देवीलाल को अपना आदर्श माना। भड़ाना ने हाल में कांग्रेस नेतृत्व पर भी उंगली उठाई थी। उन्होंने पिछले हफ्ते कांग्रेस से इस्तीफा देने की घोषणा की थी।
इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला ने भड़ाना के इनेलो में शामिल होने को घर वापसी की संज्ञा दी। चौटाला ने कहा कि उनके व हमारे पारिवारिक रिश्ते हैं।
चौटाला ने कहा कि मंगलवार को भाजपा के कार्यक्रम में कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ एक मंच पर आकर एक नया संकेत देने की कोशिश की है कि वे कभी भी भाजपा में जा सकते हैं। इस अवसर पर इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंत राम तंवर व पार्टी नेता रोहताश खटाणा सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।